Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

यूपी में जमीन में दबा मिला ढाई माह पहले लापता हुए युवक का शव

June 27, 2025

यूपी में जमीन में दबा मिला ढाई माह पहले लापता हुए युवक का शव

रोहतक : जिला के भैसरू खुर्द गांव के लापता युवक अजय का शव ढाई माह बाद यूपी के मुरादाबाद में जमीन में दबा हुआ मिला है। एक दिन पहले पुलिस व मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में गली सड़ी हालत में अजय के शव को बाहर निकाला गया। गुरूवार को अजय के शव का पोस्टमार्टम हुआ। अजय के 2 दोस्तों ने ही रुपयों के लालच में उसकी हत्या की थी। पुलिस ने दोनों दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल दोनों आरोपी 5 दिन के पुलिस रिमांड पर हैं। भैंसरू खुर्द गांव निवासी अजय ने अपने हिस्से की पुश्तैनी जमीन एक करोड़ 30 लाख रुपए में बेची थी। वह 3 अप्रैल 2025 को सांपला तहसील गया था लेकिन उसके बाद घर नहीं लौटा।

घर न लौटने पर परिजनों ने मोबाइल फोन नंबर पर कॉल की तो स्विच ऑफ मिला। परिजन हर संभव जगह तलाश करते रहे लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। 28 अप्रैल को अजय के भाई योगेश की शिकायत पर सांपला पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(6) के तहत गुमशुदगी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। एसएचओ बिजेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस जांच के दौरान सभी पहलुओं का गहनता से अध्ययन किया गया। जांच में पता चला कि अजय की यूपी के मुरादपुर जिला के पहाड़पुर गांव के सुमित व भूपेंद्र के साथ दोस्ती थी। पुलिस टीम ने शक होने पर दोनों से गहनता से पूछताछ की। जिसके बाद अजय की हत्या का खुलासा हुआ।

इसके बाद सांपला पुलिस स्टेशन में हत्या और शव को खुर्द करने पर भारतीय न्याय संहिता की धारा जोड़ी गई। पुलिस टीम ने सुमित व भूपेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। दरअसल अजय ने अपनी जमीन एक करोड़ 30 लाख रूपए में बेची थी। इस जमीन की 3 अप्रैल को सांपला तहसील में रजिस्ट्री कराई थी। तब सुमित व भूपेंद्र साथ ही थे। अजय के पास जमीन बेचने से आए रुपयों के चलते सुमित व भूपेंद्र के मन में लालच आ गया। उन दोनों ने अजय की हत्या की योजना बनाई और वे अजय को साथ लेकर घूमने के लिए निकल गए। 3 दिन बाद यूपी के मुरादाबाद में गंगा के किनारे स्थित बृजघाट पर अपने साथियों के साथ मिलकर अजय की गोली मारकर हत्या कर दी।

फिर उसकी डेडबॉडी को गाड़ी में डालकर मुरादाबाद के गांव सरथल खेड़े के पास सड़क किनारे जमीन में दबाकर चले गए। सांपला पुलिस स्टेशन के एसएचओ ने बताया कि अजय की हत्या के दोनों आरोपियों सुमित व भूपेंद्र को 23 जून को कोर्ट में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। 25 जून को दोनों आरोपियों की ओर से बताए गए स्थान पर स्थानीय पुलिस की सहायता व मजिस्ट्रेट की मौजूदगी मे अजय के शव को गली सड़ी हालत में जमीन से बाहर निकाला गया।

ये भी पढ़ें- नीलाम हुई अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की संपत्ति, मुंबई का बोलीदाता बना खरीदार

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें