Site icon Dainik Savera Times

कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की मिली धमकी, मचा हड़कंप

Bomb Threat

Bomb Threat

Kanpur News: कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन को एक बार फिर से बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी मिलने की सूचना मिलने के तुरंत बाद हड़कंप मच गया। जिसके बाद पूरे स्टेशन की तलाशी ली गई। सबसे बड़ी बात 36 घंटे के अंदर दो बार स्टेशन को उड़ाने की धमकी दी गई है। शुक्रवार शाम करीब सात बजे कमिश्नरी पुलिस के कंट्रोल रूम में एक फोन कॉल आया। कॉल करने वाले ने धमकी दी कि कानपुर सेंट्रल स्टेशन को बम से उड़ा दिया जाएगा और सब कुछ खत्म हो जाएगा। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

 

तुरंत शुरू हुई जांच 
धमकी की खबर मिलते ही पुलिस, आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल), जीआरपी (सरकारी रेलवे पुलिस), बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंच गईं।स्टेशन के पूरे परिसर की बारीकी से जांच की गई। जांच के दौरान इन जगहों को खास तौर पर देखा गया। सभी प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, वेटिंग एरिया, यात्री विश्राम कक्ष, टिकट काउंटर, स्टेशन के आसपास का इलाका सहित सुरक्षा टीमों ने हर कोने की जांच की ताकि कोई संदिग्ध वस्तु छूट न जाए।

 

यात्रियों को दी गई सावधानी बरतने की सलाह
स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और आसपास के लोगों को सतर्क रहने को कहा गया। उन्हें सलाह दी गई कि किसी भी अनजान या संदिग्ध वस्तु को न छुएं। अगर कोई लावारिस सामान दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति पर नजर रखें और शक होने पर तुरंत बताएं। इस दौरान स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।

 

एक युवक को हिरासत में लिया गया
जांच के दौरान पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि सूचना मिलने के बाद एलआईयू (लोकल इंटेलिजेंस यूनिट) और खुफिया विभाग ने भी मौके का जायजा लिया। युवक से पूछताछ की जा रही है। उसने बताया कि उसका मोबाइल 24 फरवरी को चोरी हो गया था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि धमकी भरा कॉल किस परिस्थिति में किया गया।

 

फिलहाल स्थिति सामान्य
पूरे स्टेशन की जांच के बाद कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। स्टेशन पर फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था अभी भी सख्त रखी गई है।

 

Exit mobile version