Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

स्कूल के हॉस्टल से तीन छात्राएं लापता, सीसीटीवी में बैग लेकर एक साथ दिखीं, पुलिस जांच में जुटी

September 10, 2024

स्कूल के हॉस्टल से तीन छात्राएं लापता, सीसीटीवी में बैग लेकर एक साथ दिखीं, पुलिस जांच में जुटी

गाजियाबाद। नोएडा में लापता हुए दो छात्रों के वापस आने के बाद, अब गाजियाबाद के एक स्कूल के हॉस्टल से तीन छात्रओं के लापता होने की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, गाजियाबाद के ब्लॉक रजापुर के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय से सोमवार रात तीन छात्राएं लापता हो गईं। इसमें एक छात्र सातवीं और दो छात्र आठवीं कक्षा में पढ़ती थीं। सोमवार रात तीनों हॉस्टल में मौजूद थीं और अपने-अपने कमरों में सोई थीं। मंगलवार सुबह तीनों छात्राएं लापता पाई गईं। स्कूल प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दी है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

शुरुआती जांच के दौरान पुलिस ने जब हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो तीनों छात्राएं एक साथ बैग लेकर जाती हुई दिखाई दी। सिहानी गेट थाने के एसएचओ के मुताबिक, छात्रओं के नाम-पते दर्ज कर लिए गए हैं। उनके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। उन्हें ढूंढने के लिए पुलिस टीम लगा दी गई है।

हॉस्टल के बाहर रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है। इस घटनाक्रम से स्कूल के हॉस्टल की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। रात के वक्त हॉस्टल और स्कूल के सभी गेट बंद रहते हैं। इसके बावजूद तीनों छात्राएं कैसे बाहर निकल गईं? इस पर भी सवाल उठ रहे हैं।

छात्राएं हॉस्टल से क्यों गईं, अभी ये भी स्पष्ट नहीं हो पाया है? पुलिस कस्तूरबा स्कूल के स्टाफ से भी पूछताछ कर रही है।

गौरतलब है कि 5 सितंबर को नोएडा के एक स्कूल से दो छात्र लापता हो गए थे। उन्हें भी सीसीटीवी कैमरे में स्कूल से बाहर जाते हुए देखा गया था। दोनों छात्र आठवीं कक्षा के छात्र थे। पुलिस ने उन्हें 48 घंटे बाद ढूंढ निकाला था और इसके बाद उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें