Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

श्रवण मास के पहले दिन शिवालयों में लगा भक्तों का तांता, CM योगी ने किया रुद्राभिषेक, देखें तस्वीरें

July 11, 2025

श्रवण मास के पहले दिन शिवालयों में लगा भक्तों का तांता, CM योगी ने किया रुद्राभिषेक, देखें तस्वीरें

लखनऊ। देवाधिदेव भगवान शिव के प्रिय मास श्रवण के पहले दिन शुक्रवार को वाराणसी समेत समूचे उत्तर प्रदेश में शिवालयों में श्रद्धालुओं ने हर हर महादेव के उदघोष के साथ जलाभिषेक किया। इस दौरान सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किये गये हैं। मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक व हवन किया। रुद्राभिषेक का अनुष्ठान पूर्ण कर उन्होंने भगवान भोले शंकर से चराचर जगत के कल्याण और सभी नागरिकों के सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। मंदिर के अपने आवास के प्रथम तल स्थित शक्तिपीठ में योगी ने भगवान भोलेनाथ को विल्व पत्र, दुर्वा, मदार पत्र, कमल पुष्प समेत अनेकानेक पूजन सामग्री अर्पित करने के बाद जल, दूध और ऋतुफल के रस से रुद्राभिषेक किया।

May be an image of 4 people and temple

सीएम योगी ने प्रदेशवासियों के लिये शांतिमय जीवन की मंगलकामना की

मठ के विद्वत आचार्यगण एवं पुरोहितगण ने शुक्ल यजुव्रेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी के महामंत्रों द्वारा रुद्राभिषेक संपन्न कराया। रुद्राभिषेक के बाद गोरक्षपीठाधीश्वर ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन किया। विधि विधान से पूर्ण हुए रुद्राभिषेक अनुष्ठान के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के आरोग्यमय, सुखमय, समृद्धमय व शांतिमय जीवन की मंगलकामना की। वाराणसी से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार ज्योर्तिलिंग काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिये देर रात से ही श्रद्धालु कतारबद्ध हो चुके थे। मंदिर में कावंडिये अपने आराध्य का जलाभिषेक करने को आतुर दिखे। कतार में लगे श्रद्धालु हर हर महादेव शंभू,काशी विश्वनाथ गंगे का उदघोष करते हुये अपनी बारी का इंतजार करते दिखायी दिये। इस दौरान पुलिस के जवान सुरक्षा इंतजाम में मुस्तैद दिखे। सीसीटीवी और ड्रोन के जरिये भी अराजक तत्वों पर नजर रखी जा रही थी।

May be an image of 1 person, temple and text

सभी शिवालयों में गूंजे हर हर महादेव के जयकारे

बाराबंकी में लोधेश्वर महादेवा में बड़ी संख्या में कांवड़िये भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर रहे थे। ये कांवड़िये हरिद्वार, कन्नौज, कानपुर समेत अन्य स्थानो से गंगा जल से भरी कांवड़ लेकर नंगे पैर चल कर आये थे। श्रद्धा और भक्ति के अनूठे संगम में सभी भगवान शिव की आराधना कर रहे थे। लखनऊ में मनकामेश्वर, बुद्धेश्वर समेत अन्य देवालयों में भी भक्तों की भारी भीड़ देखी गयी। कानपुर में गंगा तट पर स्थित आंनदेश्वर, सिद्धेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतार दोपहर तक लगी रही। बलरामपुर, गोंडा, बरेली, प्रयागराज और देवरिया समेत समूचे प्रदेश में देवालय हर हर महादेव के उदघोष से गूंजते रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें