
यूपी डेस्क। उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं को लेकर एक ऐतिहासिक फैसला लिया है। अब राज्य में महिलाएं भी रात की शिफ्ट में काम कर सकेंगी। यह कदम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लिया गया है। सरकार का कहना है कि इससे न केवल महिलाओं को नई आजादी और अवसर मिलेंगे, बल्कि वे आर्थिक रूप से भी मजबूत बनेंगी।
रात 7 बजे से सुबह 6 बजे तक काम की अनुमति
अब महिलाएं रात 7 बजे से सुबह 6 बजे तक काम कर सकती हैं। इस दौरान जो भी महिलाएं काम करेंगी, उन्हें मिलेगा- दोगुना वेतन (Double Salary), सुरक्षित ट्रांसपोर्ट की सुविधा, हेल्थ और सिक्योरिटी की व्यवस्था व CCTV कैमरों की निगरानी यानी अब अगर कोई महिला रात की शिफ्ट में काम करती है, तो उसे पूरी सुरक्षा और अतिरिक्त वेतन दोनों मिलेंगे।
सभी उद्योगों में लागू होगा आदेश
राज्य सरकार ने बताया कि यह नियम सभी उद्योगों (industries) पर लागू होगा। पहले महिलाएं केवल 12 औद्योगिक क्षेत्रों में ही काम कर सकती थीं, लेकिन अब यह संख्या 29 सेक्टरों तक बढ़ा दी गई है। यह नियम खतरनाक श्रेणी (hazardous category) वाले उद्योगों में भी लागू होगा — यानी अब महिलाएं वहां भी काम कर सकेंगी, बशर्ते सुरक्षा के नियम पूरे हों।
लिखित सहमति जरूरी
सरकार ने साफ कहा है कि-किसी भी महिला को रात में काम पर तभी लगाया जा सकता है, जब वह खुद लिखित रूप में अपनी सहमति दे। इसके अलावा कंपनियों और फैक्ट्रियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि- महिलाओं को सुरक्षित आवागमन (transport) की सुविधा मिले। कार्यस्थल पर स्वास्थ्य सुविधाएं (health facilities) मौजूद हों। वहां CCTV कैमरे लगे हों और पर्याप्त संख्या में सुरक्षा गार्ड तैनात हों।
ओवरटाइम पर दोगुना वेतन
नए नियमों के अनुसार- महिलाएं सप्ताह में छह दिन काम कर सकेंगी। ओवरटाइम की सीमा 75 घंटे से बढ़ाकर 144 घंटे प्रति तिमाही (3 महीने) कर दी गई है। और सबसे बड़ी बात-ओवरटाइम करने पर दोगुना वेतन दिया जाएगा। यह संशोधन उत्तर प्रदेश फैक्ट्री (संशोधन) अधिनियम के तहत किया गया है, जिसे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मंजूरी मिल चुकी है।
महिलाओं के रोजगार के नए अवसर
श्रम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इस फैसले से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा, उद्योगों में उनकी भागीदारी (participation) बढ़ेगी और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।फिलहाल प्रदेश में एक करोड़ से ज्यादा महिलाएं स्वयं सहायता समूहों (Self Help Groups) से जुड़ी हैं। अब वे औद्योगिक और कॉर्पोरेट क्षेत्रों में भी अपनी भूमिका निभा सकेंगी।
महिलाओं की सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सरकार ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए पहले से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जैसे —
-1090 वीमेन पावर लाइन
-112 हेल्पलाइन सेवा
-एंटी रोमियो स्क्वॉड्स
-सेफ सिटी प्रोजेक्ट
-इन व्यवस्थाओं के ज़रिए महिलाओं को हर वक्त सुरक्षा और सहायता मिल सकेगी।
यह फैसला न केवल एक प्रशासनिक सुधार है, बल्कि महिला सशक्तिकरण और लैंगिक समानता की दिशा में एक मजबूत कदम भी है। अब उत्तर प्रदेश की महिलाएं भी हर क्षेत्र में, दिन और रात- दोनों समय, सुरक्षित और समान अवसरों के साथ काम कर सकेंगी।
ये भी पढ़ेंः Aaj Ka Mausam: देशभर में बढ़ने वाली है ठंड, जानें अपने राज्यों का हाल