Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

36.15 करोड़ पौधरोपण के बाद अब वानिकी नववर्ष मनाएगी योगी सरकार

September 30, 2023

36.15 करोड़ पौधरोपण के बाद अब वानिकी नववर्ष मनाएगी योगी सरकार

लखनऊः उत्तर प्रदेश सरकार वनों के सृजन-संरक्षण पर और तेजी से कदम बढ़ा रही है। यूपी में सफलतापूर्वक वृहद रूप से 36.15 करोड़ पौधरोपण करने के बाद योगी सरकार अब वानिकी नववर्ष भी मनाएगी। सभी 75 जनपदों में समान रूप से पौधरोपण के पश्चात पहली अक्टूबर को राजधानी लखनऊ के साथ ही सूबे के सभी 75 जनपदों में इसका वृहद आयोजन किया जाएगा। सरकार ने बयान में बताया है कि विभिन्न वानिकी कार्यों के संबंध में एक्टिविटी बुक का भी विमोचन होगा। साथ ही पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ जन अभियान 2024 के लिए मिशन टीम भी अभी से घोषित होगी। वृक्षारोपण अभियान-2023 को सफल बनाने वाली मिशन टीम की हौसला अफजाई करने के बाद योगी सरकार अब उनका सम्मान भी करेगी।

वानिकी नववर्ष के तहत पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ जनअभियान 2024 के लिए मिशन टीम के गठन की घोषणा होगी। वृक्षारोपण वर्ष 2023-24 के लिए नवगठित मिशन टीम को बेटन हस्तांतरित किया जाएगा। वृक्षारोपण वर्ष 2024 के लिए आईटी सेल द्वारा पीएमएस व एनएमएस साइट की लांचिंग होगी। साथ ही कॉफी टेबल बुक व विभिन्न वानिकी कार्यों के संबंध में एक्टिविटी बुक का विमोचन भी होगा। सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि वानिकी नववर्ष के तहत 2023-24 के लिए तैयार की गई मुख्य लाटों को उप्र वन निगम को हस्तांतरण करने की कार्रवाई शुरू होगी।

वानिकी नववर्ष के अनुसार सभी 75 जनपदों में कार्यक्रम होंगे। इसके तहत एक-एक नर्सरी चिह्न्ति कर वृक्षारोपण समिति के अधिकारियों व स्थानीय लोगों के साथ गोष्ठी आयोजित की जाएगी। यूपी सरकार ने 2023 में 36.15 करोड़ पौधे लगाए थे। सिर्फ दो दिन 22 जुलाई को 30,21,51,570 तथा स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) को 5.94 करोड़ पौधे राजधानी लखनऊ समेत सभी 75 जनपदों में लगाए गए। सीएम योगी ने 22 जुलाई को बिजनौर व मुजफ्फरनगर में गंगा किनारे पौधरोपण कर इस महाभियान का शुभारंभ किया था, जबकि 15 अगस्त को उन्होंने अमृत वाटिका, गोमती तट (झूलेलाल वाटिका के निकट) लखनऊ में पौधरोपण किया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें