Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

सिविल समेत प्रदेश के 4 अस्पतालों का कायाकल्प करेगी योगी सरकार

November 20, 2023

सिविल समेत प्रदेश के 4 अस्पतालों का कायाकल्प करेगी योगी सरकार

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में जनता तक उत्तम स्वास्थ्य सेवाएं पहुचाकर समुचित निदान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध योगी सरकार ने प्रदेश के 4 मुख्य अस्पतालों के कायाकल्प की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रदेश के अस्पतालों के अपडेशन को लेकर सीएम योगी की मंशा अनुरूप एक विस्तृत कार्य योजना तैयार की गई है। इसी पर कार्य करते हुए योगी सरकार द्वारा गौतमबुद्धनगर के जिला संयुक्त चिकित्सालय, सिद्धार्थनगर (बांसी) के संयुक्त चिकित्सालय, भदोही के महाराजा चेतसिंह चिकित्सालय व डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल लखनऊ के मेकओवर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन तीनों अस्पतालों में उच्चीकरण प्रक्रिया को पूर्ण करने के लिए हजारों मॉडर्न मेडिकल इक्विप्मेंट्स की खरीद की जाएगी। वहीं, अस्पतालों कोआधुनिक फर्नीचर व साज-सज्जा से लैस करने की योजना को भी पूर्ण किया जाएगा। इस क्रम में कुल 9.98 करोड़ रुपए के धनावंटन को प्रशासकीय व वित्तीय स्वीकृति दे दी गई है और इन सभी प्रस्तावित कार्यों को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश भी योगी सरकार द्वारा जारी कर दिए गए हैं।

करोड़ों के खर्च से अस्पतालों का होगा मेकओवर
सीएम योगी की मंशा के अनुरूप प्रदेश के अस्पतालों के अपडेशन को लेकर बनी कार्ययोजना के अनुसार ही अपडेशन की प्रक्रिया को क्रियान्वित किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि सिद्धार्थनगर (बांसी) के संयुक्त चिकित्सालय में 205 से ज्यादा मदों में हजारों मेडिकल इक्विप्मेंट्स, फर्निचर्स व अन्य साजो-सामान की खरीद के लिए कुल 3.25 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च की जाएगी। इसी प्रकार, गौतमबुद्धनगर के जिला संयुक्त चिकित्सालय में 2.98 करोड़, भदोही के महाराजा चेतसिंह चिकित्सालय में 2.36 करोड़ व लखनऊ के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल में मेडिकल इक्विप्मेंट्स की खरीद के लिए 1.47 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च की जाएगी। इन सभी खरीद व उच्चीकरण प्रक्रियाओं को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा विभाग के महानिदेशक की देखरेख में उत्तर प्रदेश शासन की रूलबुक के अनुसार पूर्ण किया जाएगा।

सिविल अस्पताल को मिलेंगे ऑप्थैल्मिक ऑपरेटिंग माइक्रोस्कोप समेत कई उपकरण
लखनऊ के सिविल अस्पताल में जिन मेडिकल इक्विप्मेंट्स की खरीद निश्चित की गई है उनमें ऑप्थैल्मिक ऑपरेटिंग माइक्रोस्कोप मुख्य है। कई मायनों में विशिष्ट इस माइक्रोस्कोप की खरीद के लिए 45 लाख रुपए की रकम निर्धारित की गई है। इसी प्रकार, सिद्धार्थनगर (बांसी) के संयुक्त चिकित्सालय के लिए जिन उपकरणों की खरीद प्रक्रिया को पूर्ण किया जाना है उसमें इमर्जेंसी यूनिट, आईसीयू वॉर्ड, ऑपरेशन थिएटर, डेंटल, ऑर्थोपेडिक, ईएमटी, पैथोलॉजी, फिजियोथेरेपी व रेडियोलॉजी समेत तमाम यूनिट्स के लिए महत्वपूर्ण उपकरणों की खरीद सुनिश्चित होगी। इसी तर्ज पर भदोही के महाराजा चेतसिंह चिकित्सालय व गौतमबुद्धनगर के जिला संयुक्त चिकित्सालय में भी मेडिकल इक्विप्मेंट्स मॉडर्नाइजेशन की प्रक्रिया को मूर्त रूप दिया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें