Last Updated: October 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

उत्तर और मध्य भारत में भीषण गर्मी, दिल्ली में पारा 49.9 डिग्री पहुंचा

May 29, 2024

उत्तर और मध्य भारत में भीषण गर्मी, दिल्ली में पारा 49.9 डिग्री पहुंचा

नई दिल्ली। उत्तर और मध्य भारत का बड़ा हिस्सा मंगलवार को भीषण गर्मी की चपेट में रहा तथा राजस्थान के चुरू और हरियाणा के सिरसा में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया जबकि राष्ट्रीय राजधानी में पारा इस मौसम के सामान्य से नौ डिग्री ऊपर दर्ज किया गया। मौसम कार्यालय के अनुसार दिल्ली में कम से कम तीन मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान 49 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया। इनमें मुंगेशपुर और नरेला में 49.9 डिग्री और नजफगढ़ में 49.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। यह इस मौसम में राजधानी में दर्ज किया गया सबसे अधिक तापमान था। हालांकि, मुंगेशपुर और नरेला में 2022 में मौसम केंद्र स्थापित किया गया था और उनके पास केवल पिछले तीन वर्ष का रिकॉर्ड है।


भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि कम से कम अगले दो दिनों तक भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विज्ञनियों ने कहा कि बृहस्पतिवार को भारत के उत्तर-पश्चिम हिस्सों में एक नये पश्चिमी विक्षोभ की संभावना है, जिससे सप्ताहांत में क्षेत्र में छिटपुट बारिश हो सकती है। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने मई के उत्तरार्ध के दौरान पश्चिमी विक्षोभ की अनुपस्थिति को उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में लू की स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराया।


पश्चिमी विक्षोभ भूमध्य सागर के ऊपर बनने वाली अतिरिक्त उष्णकटिबंधीय मौसम प्रणालियां हैं और पश्चिम से पूर्व की ओर बढ़ती हैं। आईएमडी ने कहा, ‘‘आज, राजस्थान, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली के अधिकांश हिस्सों, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के कई हिस्सों और बिहार और हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में लू चलने की स्थिति बनी हुई है।’ इसमें कहा गया है कि विदर्भ के कई इलाकों, जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों और उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में लू की स्थिति भी बनी रही।
राजस्थान में चुरू देश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 50.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसके बाद हरियाणा में सिरसा-एडब्ल्यूएस में 50.3डिग्री, दिल्ली के मुंगेशपुर और नरेला में 49.9डिग्री और नजफगढ़ में 49.8डिग्री, हरियाणा के सिरसा में 49.5 डिग्री, राजस्थान के गंगानगर मे 49.4 डिग्री, राजस्थान के पिलानी और फलोदी और उत्तर प्रदेश में झांसी में 49 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें