Today Weather 22 March 2026: मार्च के अंतिम सप्ताह में जहां आमतौर पर गर्मी अपने तेवर दिखाने लगती है, वहीं इस बार मौसम ने अचानक करवट ले ली है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में बीते दो दिनों की बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और ठंड का एहसास फिर बढ़ गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-एनसीआर में आज भी बदल सकता है मौसम
राजधानी दिल्ली में आज हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। लक्ष्मी नगर, आनंद विहार, आईटीओ, इंडिया गेट, लाजपत नगर और मयूर विहार जैसे इलाकों में रिमझिम बारिश हो सकती है। साथ ही तेज हवाएं चलने की वजह से तापमान में गिरावट आएगी और मौसम सुहावना लेकिन ठंडा बना रहेगा। न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
ये भी पढ़ें- आज का राशिफल: नवरात्रि के पांचवें दिन किस राशि पर बरसेगी स्कंदमाता की कृपा, जानें 12 राशियों का राशिफल
उत्तर प्रदेश में तेज बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज मौसम ज्यादा सक्रिय रहने वाला है। बहराइच, गोंडा, अयोध्या, आजमगढ़, गाजीपुर और जौनपुर समेत पूर्वी यूपी के हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
बिहार में आंधी-तूफान का खतरा
बिहार में आज मौसम और ज्यादा बिगड़ सकता है। पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में मौसम लगातार खराब बना हुआ है। चमोली, पिथौरागढ़, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जैसे इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के भी आसार हैं, जिससे ठंड और बढ़ेगी।
पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भी सक्रिय रहेगा मौसम
ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में 22 से 27 मार्च के बीच गरज-चमक, तेज हवाएं और कई जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है। खासतौर पर असम और मेघालय में कुछ दिनों में भारी वर्षा हो सकती है।
ये भी पढ़ें- हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी 22 मार्च 2026
मध्य और दक्षिण भारत भी अछूते नहीं
विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 24-25 मार्च को गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा। वहीं दक्षिण भारत के आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
राजस्थान में भी बदलेगा मिजाज
राजस्थान के जयपुर, अजमेर, जैसलमेर और बाड़मेर में आज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। तापमान में गिरावट के साथ मौसम ठंडा हो सकता है।
क्या है बदलाव की वजह?
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर और मध्य भारत में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। 24 से 27 मार्च के बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ फिर से असर दिखा सकता है, जिससे बारिश और ठंडी हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है।

