Today’s Weather 27 Nov 2025: उत्तर भारत में इस सप्ताह सर्दी ने अचानक रफ्तार पकड़ ली है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी हिस्सों में तेज़ उत्तरी हवाओं ने तापमान में तेज गिरावट दर्ज कराई है। सुबह–शाम की ठिठुरन और कई जिलों में छाए घने कोहरे ने मौसम को एकदम सर्द कर दिया है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, अगले कुछ दिनों में ठंड के तेवर और तेज़ हो सकते हैं।
उत्तर प्रदेश: साफ आसमान, लेकिन सर्द हवाओं से बढ़ी कंपकंपी
उत्तर प्रदेश में भले ही कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ मौजूद नहीं है, लेकिन उत्तरी हवाएं लगातार पारा गिरा रही हैं। 27 से 29 नवंबर तक पश्चिमी और पूर्वी यूपी में आसमान साफ और वातावरण शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 30 नवंबर और 1 दिसंबर की सुबह कई जिलों में कोहरा छाने की चेतावनी जारी की है। तेज हवाओं का असर अगले दो दिनों तक बना रहेगा, जिसके बाद न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है। हालांकि सुबह की ठिठुरन लोगों को गर्म कपड़े पहनने पर मजबूर करेगी।
दिल्ली: नवंबर की सबसे ठंडी सुबह, तापमान ने तोड़ा रिकॉर्ड
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नवंबर की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई है। बुधवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 8°C पर आ गया, जो सामान्य से काफी कम है।
गुरुवार को भी मौसम लगभग इसी पैटर्न पर रहने का अनुमान है—अधिकतम तापमान 24°C और न्यूनतम करीब 9°C रह सकता है। 27 नवंबर से 2 दिसंबर के बीच दिल्ली में अधिकतम पारा 24–25°C और न्यूनतम 9–11°C के बीच रहने की उम्मीद है।
हरियाणा–पंजाब: लगातार गिरता पारा, रातें हुईं सर्द
हरियाणा के नारनौल, हिसार और रोहतक में तापमान तेजी से नीचे जा रहा है, जबकि पंजाब के अमृतसर, गुरदासपुर और फ़िरोज़पुर में सुबह की ठंडक बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में रात का तापमान और गिर सकता है, जिससे ठिठुरन बढ़ने की संभावना है।
राजस्थान: रेगिस्तान में भी सर्दी का जोर
राजस्थान में सर्दी ने इस बार तेज़ कदम बढ़ाए हैं। चूरू, सीकर और जैसलमेर जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान 7–9°C तक पहुंच चुका है। रेगिस्तानी इलाकों में रातें बेहद ठंडी हो रही हैं और अगले 72 घंटों तक मौसम साफ और सूखा बने रहने की उम्मीद है।
पहाड़ों की बर्फीली हवा
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद पहाड़ों की ठंडी हवाएं मैदानी राज्यों में सर्दी बढ़ा रही हैं। उत्तराखंड के बद्रीनाथ, केदारनाथ और यमुनोत्री में हल्की बर्फबारी जारी है, जबकि कई ऊंचे स्थानों पर पाला जमने की स्थिति बनी हुई है। हिमाचल प्रदेश के मनाली, कुफरी और किन्नौर में तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है और आगे और बर्फबारी की संभावना जताई जा रही है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...