Site icon Dainik Savera Times

देश में मौसम का दोहरा मिजाज, कहीं लू का असर, कहीं बारिश और तूफान की चेतावनी

Punjab Weather Update 18 April

Punjab Weather Update 18 April

Weather 15 April 2026: बारिश और आंधी के बाद अब देशभर में मौसम ने अपना तीखा रूप दिखाना शुरू कर दिया है। आज भारत में मौसम का अलग-अलग स्वरूप देखने को मिल सकता है। एक ओर जहां कई हिस्से भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं तो वहीं दूसरी ओर कुछ क्षेत्रों में बारिश, आंधी और गरज-चमक का दौर जारी है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार मध्य भारत, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और कर्नाटक के कई इलाकों में आज लू का प्रभाव बना रहेगा। इन क्षेत्रों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। हाल ये है कि दोपहर के समय बाहर निकलना लोगों के लिए मुश्किल हो रहा है।

पूर्वोत्तर भारत और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में मौसम अभी भी पूरी तरह सक्रिय है। यहां तेज हवाओं के साथ बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। गुजरात और दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।

जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी
15 अप्रैल की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्रों में प्रवेश करेगा। इसका असर 18 अप्रैल तक देखने को मिल सकता है। इस दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश में 17 से 19 अप्रैल के बीच मौसम और ज्यादा खराब हो सकता है। इस दौरान यहां कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।

ये भी पढ़ें- कैसा रहेगा 12 राशियों के लिए आज का दिन? किसकी चमकेगी किस्मत तो कौन करेगा परेशानियों का सामना

 

इन राज्यों में तेज गर्म हवाएं
आने वाले दिनों में लू का दायरा और बढ़ने की आशंका है। 16 से 19 अप्रैल के बीच मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, राजस्थान और झारखंड में गर्म हवाएं तेज हो सकती हैं। इन दिनों तापमान में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जा रही है। उत्तर-पश्चिम भारत में अगले कुछ दिनों में तापमान 4 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है, जबकि मध्य भारत में 2 से 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी संभव है।

राजधानी में बढ़ेगा तापमान
राजधानी दिल्ली भी बढ़ती गर्मी से अछूती नहीं है। यहां तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रहा है और आने वाले दिनों में गर्म हवाएं चलने की संभावना है। दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रह सकता है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ का हल्का असर थोड़ी राहत जरूर दे सकता है।

उत्तर प्रदेश में लू चलने के आसार
उत्तर प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा लेकिन तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा। पश्चिमी हिस्सों में लू चलने के आसार हैं, जबकि पूर्वी क्षेत्रों में उमस बढ़ सकती है। उत्तराखंड में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। यहां हल्की बारिश और ठंडी हवाएं राहत दे सकती हैं।

ये भी पढ़ें- हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी 15 अप्रैल 2026

बिहार और झारखंड में उमस
बिहार और झारखंड में गर्मी और उमस का मिला-जुला असर दिखाई दे सकता है। हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश या आंधी राहत दे सकती है, लेकिन दिन के समय गर्मी का प्रभाव बना रहेगा।

इन राज्यों में बारिश
पूर्वोत्तर में मौसम खासा सक्रिय बना हुआ है। अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है जबकि असम और मेघालय में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

 

Exit mobile version