Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली में बाढ़ का खतरा! मुंबई-गुजरात में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी

August 20, 2025

दिल्ली में बाढ़ का खतरा! मुंबई-गुजरात में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी

Weather Update 20 August 2025 : भारत में मानसून के मद्देनजर मौसम ने एक बार फिर से अपनी पूरी ताकत दिखानी शुरू कर दी है। देशभर के विभिन्न राज्यों में बारिश का दौर जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है और कई क्षेत्रों में बाढ़ और लैंडस्लाइड का खतरा मंडरा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई प्रमुख राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है, जबकि कुछ जगहों पर उमस और गर्मी भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।

दिल्ली में बाढ़ का संकट
राजधानी दिल्ली में इस समय यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा गहरा गया है। यमुना का जलस्तर फिलहाल खतरे के निशान के करीब पहुंच चुका है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। राजधानी के लोगों को प्रशासन ने सावधानी बरतने की सलाह दी है, विशेषकर यमुना के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। वहीं, मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR क्षेत्र में हल्की बारिश और उमस का अनुमान जताया है।

पंजाब में अगले 2 दिन बारिश
पंजाब में भी मौसम बदल चुका है। मौसम विभाग ने कहा है कि आने वाले 2 दिनों में बारिश कि संभावना है। पंजाब के कई गांव इस समय बाढ़ की मार झेल रहे है।

उत्तर प्रदेश और बिहार में तापमान में वृद्धि
उत्तर प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ गया है, जिससे तापमान में वृद्धि और उमस बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3–4 दिनों तक भारी बारिश की संभावना नहीं है, और गर्मी की वजह से लखनऊ, वाराणसी और कानपुर जैसे शहरों में लोग असहज महसूस कर रहे हैं। दूसरी ओर, बिहार के पश्चिमी चंपारण, अररिया और किशनगंज जिलों में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। इस कारण किसानों को फसल के नुकसान का खतरा है और ग्रामीण क्षेत्रों में लोग खुले में न रहने की सलाह दी गई है।

मुंबई में रेड अलर्ट: लगातार बारिश
मुंबई और महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई क्षेत्रों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और स्कूलों की छुट्टी की घोषणा की गई है। मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे और पालघर में रेड अलर्ट जारी किया है। उपनगरीय रेल सेवाएं भी बाधित हो गई हैं, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कत हो रही है। साथ ही, गुजरात के दक्षिणी जिलों जैसे सूरत, नवसारी और वलसाड में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है, और प्रशासन ने राहत दलों को अलर्ट किया है। नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

पहाड़ी क्षेत्रों में लैंडस्लाइड का खतरा
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण लैंडस्लाइड की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। शिमला, मंडी, कुल्लू और देहरादून जैसे इलाकों में भारी बारिश के कारण पहाड़ी रास्तों पर यातायात प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन की चेतावनी दी है और पहाड़ी रास्तों पर यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। उत्तराखंड में भी देहरादून, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश के कारण ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान भूस्खलन और जलभराव की घटनाएं बढ़ सकती हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें