Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

CWG 2026 में बवाल, ग्लासगो के रेस्टोरेंट में भारत का अधूरा नक्शा देख भड़कीं लवलीना बोरगोहेन

August 2, 2026

CWG 2026 में बवाल, ग्लासगो के रेस्टोरेंट में भारत का अधूरा नक्शा देख भड़कीं लवलीना बोरगोहेन

ग्लासगो (स्कॉटलैंड): कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय बॉक्सरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। भारत ने बॉक्सिंग में अपना अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कई स्वर्ण पदक जीते। हालांकि, प्रतियोगिता के दौरान रिंग के बाहर एक ऐसा विवाद सामने आया, जिसने भारतीय खिलाड़ियों का ध्यान खींच लिया।

डिनर के दौरान सामने आया विवाद

बॉक्सिंग प्रतियोगिता खत्म होने के बाद भारतीय खिलाड़ी ग्लासगो के मशहूर भारतीय रेस्टोरेंट ‘मिस्टर सिंग्स इंडिया’ में डिनर के लिए पहुंचे। इसी दौरान टेबल पर रखे नैपकिन पर छपे भारत के नक्शे पर खिलाड़ियों की नजर गई। बताया गया कि उस नक्शे में भारत का पूरा उत्तर-पूर्व (नॉर्थ ईस्ट) हिस्सा नहीं दिखाया गया था। इसे देखकर खिलाड़ियों ने नाराजगी जताई।

लवलीना ने जताई आपत्ति

असम से आने वाली लवलीना बोरगोहेन ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नैपकिन पर छपे नक्शे से भारत का उत्तर-पूर्व हिस्सा गायब था, जो बेहद गंभीर बात है। लवलीना ने कहा कि भारत का हर राज्य और हर क्षेत्र देश का अभिन्न हिस्सा है। इसलिए जहां भी भारत का नक्शा दिखाया जाए, वह सही और पूरा होना चाहिए।

 

BFI अध्यक्ष ने भी उठाया मुद्दा

भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (BFI) के अध्यक्ष अजय सिंह ने भी इस मामले पर लवलीना का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि नक्शे में केवल उत्तर-पूर्व ही नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर को भी सही तरीके से नहीं दिखाया गया था। अजय सिंह ने रेस्टोरेंट प्रबंधन से तुरंत ऐसे सभी नैपकिन हटाने और उनकी जगह भारत का सही और आधिकारिक नक्शा इस्तेमाल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि विदेशों में भारतीय संस्कृति और पहचान को बढ़ावा देने वाले किसी भी संस्थान को ऐसी गंभीर गलती से बचना चाहिए। भारत के नक्शे को गलत तरीके से दिखाना स्वीकार नहीं किया जा सकता।

मामला बना चर्चा का विषय

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी यह मामला चर्चा में आ गया। कई लोगों ने भारत के सही नक्शे के इस्तेमाल की मांग की, जबकि भारतीय खिलाड़ियों के इस मुद्दे को उठाने की सराहना की। अब सभी की नजर इस बात पर है कि रेस्टोरेंट प्रबंधन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

बॉक्सिंग में भारत का शानदार प्रदर्शन

टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन ने महिला 75 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीतकर भारत की झोली में एक और मेडल जोड़ा। हालांकि फाइनल मुकाबले में हार के कारण वह स्वर्ण पदक नहीं जीत सकीं, लेकिन उन्होंने पूरी भारतीय बॉक्सिंग टीम के शानदार प्रदर्शन की सराहना की। लवलीना ने अपना यह पदक असम में बाढ़ से प्रभावित लोगों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि अब उनका अगला लक्ष्य एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतना है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें