Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

Bangladesh Blast : मरने वालों का आंकड़ा पहुंचा 17, सैकड़ों लोग घायल

March 8, 2023

Bangladesh Blast : मरने वालों का आंकड़ा पहुंचा 17, सैकड़ों लोग घायल

ढाकाः बंगलादेश की राजधानी ढाका के एक व्यावसायिक इमारत में हुए शक्तिशाली विस्फोट में मरने वालों की संख्या बुधवार को बढ़कर 17 हाे गई। दमकल सेवा के अधिकारियों के मुताबिक दूसरे दिन का बचाव अभियान आज सुबह नौ बजे शुरू हुआ। सेना की एक टीम भी बचाव अभियान में जुटी हुई है। बंगलादेश अग्निशमन सेवा और नागरिक सुरक्षा के महानिदेशक ब्रिगेडियर जनरल एमडी मेन उद्दीन ने कहा कि शक्तिशाली विस्फोट से क्षतिग्रस्त दो इमारतों के भीतर बचाव अभियान को कल लगभग आठ बजे बंद कर दिया गया था।

गौरतलब है कि स्थानीय समयानुसार मंगलवार को इमारत के बेसमेंट के स्तंभों के क्षतिग्रस्त होने के कारण उन्हें अंदर जाने में जोखिम नजर आ रहा था। पुराने ढाका के गुलिस्तान के सिद्दीकी बाजार में कैफे क्वीन बिल्डिंग में कल स्थानीय समयानुसार शाम लगभग पांच बजे हुए शक्तिशाली विस्फोट में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई थी और अन्य सैंकड़ों लोग घायल हुए है। इस घटना में कम से कम चार लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। ढाका जिला प्रशासन प्रमुख मोहम्मद मोमिनुर रहमान ने कल रात को बताया,“हमें पता चला है कि इस घटना में कम से कम 500 लोग घायल हुए हैं।”

विस्फोट में घायलों के उपचार का निरीक्षण करने के बाद बंगलादेश के स्वास्थ्य मंत्री जाहिद मालेक ने कहा कि विस्फोट के मलबे से पीड़तों के सिर में चोट लगने और अत्यधिक खून बहने के कारण अधिकांश मौतें हुईं।शक्तिशाली विस्फोट के कारण दो बहुमंजिला इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। अग्निशमन नियंत्रण कक्ष के अनुसार, कोई भी इमारत कथित रूप से पूरी तरह से नहीं गिरी, लेकिन इमारत का मलबा पैदल चलने वालों पर गिरा जिससे लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। शक्तिशाली विस्फोट के कारण आसपास की कई इमारतों और शॉपिंग मॉल के शीशे और कांच की दीवारें टूटने से शीशे इमारत के बाहर सड़क पर बिखर गए थे। सड़क के विपरीत दिशा में खड़ी एक बस को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

उन्होंने बताया कि विस्फोट का सही कारण अभीतक स्पष्ट नहीं हो सका है। ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस कमिश्नर खांडकेर गुलाम फारूक ने कहा कि उन्हें ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जो विस्फोट का कारण बन सके। यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। दुर्घटनास्थल का दौरा करने के दौरान उन्होंने कहा, कि “हमारा बम विशेषज्ञ दल मामले की जांच कर रहा है।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें