Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

लद्दाख के लोग ‘चारागाह भूमि पर चीन के कब्जा’ करने से चिंतित : राहुल गांधी

August 20, 2023

लद्दाख के लोग ‘चारागाह भूमि पर चीन के कब्जा’ करने से चिंतित : राहुल गांधी

लेह ः कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का यह कहना कि लद्दाख की एक इंच जमीन पर भी चीन ने कब्जा नहीं किया है, सच नहीं है। लद्दाख के दौरे पर आए राहुल गांधी ने अपने पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद कहा, ‘‘लद्दाख के लोग चीनी सेना द्वारा कब्जे में ली गई अपनी चारागाह भूमि को लेकर चिंतित हैं।’’

गांधी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘सभी लोगों (लद्दाख में) का कहना है कि चीनी सेना ने घुसपैठ की है और हमारी चारागाह भूमि पर कब्जा कर लिया है और वे (लोग) अब वहां नहीं जा सकते हैं। वे यह स्पष्ट रूप से कह रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री कहते हैं कि एक इंच भी जमीन नहीं ली गई, जो सच नहीं है।’’ कांग्रेस नेता ने कहा कि वह अपनी भारत जोड़ो’ यात्रा के दौरान लद्दाख जाने की योजना बना रहे थे, लेकिन कुछ व्यवस्थागत कारण से उन्हें यह योजना छोड़नी पड़ी।

उन्होंने कहा, ‘‘तो मैंने सोचा कि मुझे आकर लद्दाख का विस्तृत दौरा करना चाहिए। मैं पैंगोंग आया और नुब्रा और कारगिल का दौरा करने जा रहा हूं। विचार यह है कि लोगों को क्या कहना है और उनकी चिंताएं क्या हैं, यह सुनना है।’’ गांधी ने कहा, ‘‘यहां  चिंता उस (चारागाह) भूमि की है, जिस पर चीन ने कब्जा कर लिया है। लोग बड़े पैमाने पर प्रभावित हुए हैं, क्योंकि उनकी चारागाह भूमि पर कब्जा कर लिया गया है। लोगों की एक और चिंता मोबाइल संपर्क की कमी है।’’ गांधी ने कहा कि क्षेत्र में किसी से भी पूछिए, वे आपको बताएंगे कि चारागाह भूमि पर ‘‘चीनी सेना ने कब्जा कर लिया है।’’ कांग्रेस चीन के साथ सीमा स्थिति को लेकर सरकार पर सवाल उठाती रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें