
मुंबई: रिलायंस उद्योग समूह ने शनिवार को कहा कि उसने उत्तराखंड में बाढ़ से प्रभावित लोगों की आजीविका को फिर से खड़ा करने में मदद करने और राज्य में अपने सामाजिक विकास प्रयासों को जारी रखने के लिए 25 करोड़ रुपये की सहायता दी है। यह सहायता समूह के प्रमुख मुकेश अंबानी के पुत्र और कंपनी में निदेशक अनंत अंबानी के माध्यम से दी गई है।
रिलायंस ने एक बयान में कहा, ‘हम पिछले एक दशक से उत्तराखंड के लोगों के सुख-दुख से जुड़े हैं। संकट का समना करने की राज्य सरकार और उसके लोगों की अभूतपूर्व क्षमता रिलायंस के लिए प्रेरणादायक रही है। इस साल जुलाई और अगस्त के दौरान उत्तराखंड में भारी बारिश के बाद बाढ़ और भूस्खलन के कारण बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ।
रिलायंस ने 2013 की बाढ़ और उसके बाद के वर्षों में आयी ऐसी आपदाओं के समय भी राज्य के लोगों की मदद की थी। रिलायंस फाउंडेशन ने 2013 में वहां विभिन्न स्थानों पर फंसे हुए लोगों को बचाने, राहत और आश्रय प्रदान करने तथा जीविका के पुनर्निर्माण के प्रयास में योगदान किया था। कोविड-19 महामारी के दौरान भी कंपनी ने राज्य के लोगों की सहायता की थी।
रिलायंस का कहना है कि उसने राज्य के सरकार और अन्य संगठनों के सहयोग से, रिलायंस ने विभिन्न सामाजिक पहल की हैं। ग्रामीण समुदायों को लगभग पाँच लाख घन मीटर जल संचयन क्षमता बनाने में सहायता दी गई, जिससे 90 गाँवों में कृषि और खपत के लिए पानी की उपलब्धता में सुधार करने में मदद मिली। रिलायंस ने कहा है कि उसने अपनी शिक्षा और सभी के लिए खेल पहल के माध्यम से फुटबॉल, बास्केटबॉल और एथलेटिक्स के लिए राज्य के 3.8 लाख से अधिक बच्चों और युवाओं की मदद की है।
ये भी पढ़ें: IMF का दावा, डिजिटल सुधारों से भारत में छोटे उद्यमों की उत्पादकता बढ़ी
मेष: दिन शुभ रहेगा...