Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

राजस्व मंत्री जाट सहित पांच लोगों के खिलाफ अदालती आदेश पर मामला दर्ज

September 21, 2023

राजस्व मंत्री जाट सहित पांच लोगों के खिलाफ अदालती आदेश पर मामला दर्ज

जयपुरः राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में ग्रेनाइट की खान पर कब्जा करने और वहां से मशीनरी की चोरी के आरोप में राज्य के राजस्व मंत्री रामलाल जाट सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। मामले में उच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद इस बारे में करेड़ा थाने में मामला दर्ज किया गया। आसींद के पुलिस उपाधीक्षक योगेश शर्मा ने बताया,‘‘अदालत के आदेश के बाद करेड़ा पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जो भी आरोप लगाए गए हैं उनकी जांच अपराध अन्वेषण शाखा (क्राइम ब्रांच) द्वारा की जाएगी।’’ उन्होंने कहा कि चूंकि यह मामला एक मंत्री से जुड़ा है इसलिए इसकी जांच सीआईडी-सीबी से करायी जायेगी।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता परमेश्वर जोशी ने पहले एक स्थानीय अदालत में याचिका दायर की थी, लेकिन जब पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के लिए कार्रवाई नहीं की तो उन्होंने उच्च न्यायालय का रुख किया, जहां से शिकायत पर मामला दर्ज करने के निर्देश दिए गए। इसके अनुसार इस मामले में मंत्री रामलाल जाट के साथ पूरणमल गुजर्र, महिपाल सिंह, सूरज जाट और महावीर चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें