Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

तीर्थयात्रियों को जम्मू चिड़ियाघर देखने के लिए करें प्रोत्साहित : मुख्य सचिव एके मेहता 

September 26, 2023

तीर्थयात्रियों को जम्मू चिड़ियाघर देखने के लिए करें प्रोत्साहित : मुख्य सचिव एके मेहता 
जम्मूः जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव ए के मेहता ने अधिकारियों को सलाह दी है कि वे वैष्णो देवी आने वाले तीर्थयात्रियों को जम्बू चिड़ियाघर देखने के लिए भी प्रोत्साहित करें। इस चिड़ियाघर में अगले माह एक शेर और एक बाघ शामिल किए जाएंगे। मेहता ने सोमवार को नगरोटा में स्थित जम्बू चिड़ियाघर का दौरा किया और यहां के समग्र कामकाज के अलावा आगंतुकों को प्रदान की जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। यह चिड़ियाघर मई में ही जनता के लिए खोला गया है।
उत्तर भारत के सबसे बड़े चिड़ियाघरों में से एक माने जाने वाले जम्बू चिड़ियाघर में जानवरों के लिए 13 बाड़े हैं जिन्हें जम्मू के मांडा चिड़ियाघर से स्थानांतरित किया गया है। पांच अन्य बाड़ों में देश के अन्य चिड़ियाघरों से लाए गए जानवरों को रखा जाएगा, जिनमें एक रॉयल बेंगाल टाइगर और एक एशियाई शेर शामिल हैं।
मुख्य सचिव ने कहा, ‘‘लाखों तीर्थयात्री त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन के लिए आते हैं। यह चिड़ियाघर मंदिर के रास्ते में ही पड़ता है। ऐसे में तीर्थयात्रियों को यहां रुकने के लिए प्रोत्साहित करने की जरूरत है।’’ उन्होंने हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन और मंदिर के रास्ते में स्थायी विज्ञपन बोर्ड लगाने के लिए कहा है ताकि लोगों को चिड़ियाघर के बारे में पता चल सके।
उन्होंने कहा, कि ‘चिड़ियाघर में बाघ को 15 अक्टूबर तक और शेर को 25 अक्टूबर तक लाया जा सकता है। ये जानवर निश्चित रूप से पर्यटकों, विशेष तौर पर बच्चों को आर्किषत करेंगे।’’मेहता ने अधिकारियों से यहां अतिरिक्त आकर्षण के लिए दरियाई घोड़े को लाने के बारे में विचार करने को भी कहा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें