पलवल: फसल की आवक के दृष्टिगत अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल ने पलवल की अनाज मंडी का दौरा किया। उन्होंने अनाज मंडी में जगह-जगह एकत्रित धान की ढेरियों का निरीक्षण कर जायजा लिया। इस अवसर पर उनके साथ एडीसी साहिल गुप्ता, एसडीएम शशि वसुंधरा, एसडीएम रणवीर सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने किसानों से आहान किया कि वे फसलों के अवशेष अथवा पराली को न जलाएं अपितु उनका फसल अवशेष प्रबंधन करें।
एसीएस सुधीर राजपाल ने कहा कि धान की आवक को लेकर अनाज मंडियों में पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। मंडियों में किसानों के लिए पीने के पानी, शौचालय, लाइटिंग, साफ-सफाई आदि के समूचित प्रबंध किए गए हैं। इस वर्ष जिला की मंडियों में करीब 50 हजार टन धान की फसल आने की संभावना है।इसमें पलवल की मंडी की अपेक्षा होडल की अनाज मंडी में अधिक धान की आवक होगी। होडल की अनाज मंडी में दो-दो दिन अलग-अलग एजेंसियों को धान की खरीद करने की जिम्मेवारी सौंपी गई है। जिला की अनाज मंडियों में धान की फसल के बारदाना, उठान सहित ट्रांस्पोर्टेशन की पूरी व्यवस्था की गई है। धान की फसल की ट्रांस्पोर्टेशन में इस्तेमाल किए जाने वाले सभी ट्रकों में जीपीएस की सुविधा मौजूद रहेगी।
उन्होंने कहा कि किसान अनाज मंडी में अपनी फसल को सुखाकर लाएंगे तो उन्हें अपनी फसल की बिक्री करने में सहूलियत होगी। अनाज मंडी पलवल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने एसीएस के समक्ष सब्जी मंडी से अतिक्रमण हटवाने व सफाई व्यवस्था दुरूस्त करवाने की मांग की। एसीएस ने अनाज मंडी के दौरे के दौरान किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को जाना तथा उनकी समस्याओं को दूर करने के संदर्भ में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।