Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली में टीएमसी नेताओं के प्रदर्शन को भाजपा ने बताया ड्रामा और सर्कस

October 3, 2023

दिल्ली में टीएमसी नेताओं के प्रदर्शन को भाजपा ने बताया ड्रामा और सर्कस

नई दिल्ली: भाजपा ने पश्चिम बंगाल सरकार के मनरेगा और आवास योजना की निधि के बकाये की मांग को लेकर तृणमूल कांग्रेस द्वारा देश की राजधानी दिल्ली में किए जा रहे विरोध प्रदर्शन को ड्रामा और सर्कस करार दिया है। भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने दिल्ली में तृणमूल कांग्रेस नेताओं के विरोध प्रदर्शन को ड्रामा करार देते हुए टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी पर राजनीति करने का आरोप लगाया।

उन्होंने ममता सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि टीएमसी कह रही है कि प्रधानमंत्री आवास योजना का फंड बंद है, इसलिए लोगों को घर नहीं मिल रहा है जबकि केंद्र सरकार की तरफ से 30 हजार करोड़ रुपए दिए गए हैं। इसलिए सवाल उनसे बनता है कि गरीबों को घर क्यों नहीं मिला? उन्होंने आगे कहा कि अगर प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी हुई है, धांधली हुई है तो उसको सजा देने का दायित्व भी ममता बनर्जी सरकार और प्रशासन का है।

ट्रेन नहीं देने और प्लेन रद्द करवाने के टीएमसी के आरोपों पर पलटवार करते हुए सुकांत मजूमदार ने कहा कि उन्होंने सही तरीके से ट्रेन नहीं मांगा था, सही अनुमति पत्र नहीं था तो अब अनर्गल आरोप लगा रहे हैं कि प्रधानमंत्री मोदी ट्रेन नहीं आने दे रहे हैं और जहां तक प्लेन का सवाल है प्रधानमंत्री मोदी प्लेन नहीं चलाते (चलवाते) हैं बल्कि प्राइवेट कंपनी प्लेन चलाती है।

वहीं पश्चिम बंगाल से भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी ने राज्य में महिलाओं जे खिलाफ बढ़ रहे अपराध और बेरोजगारी के लिए तृणमूल कांग्रेस और राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें ताज्जुब लग रहा है कि बंगाल में रोजाना महिलाओं के खिलाफ अपराध हो रहे हैं, राज्य में युवा नौकरी के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन टीएमसी ने कभी इनके लिए कोई प्रदर्शन नहीं किया और अब दिल्ली में इतने सारे लोगों को लाकर इन्होंने सर्कस शुरू कर दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें