Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

नीदरलैंड्स को हरा कर श्रीलंका ने विश्व कप में खोला जीत का खाता

October 21, 2023

नीदरलैंड्स को हरा कर श्रीलंका ने विश्व कप में खोला जीत का खाता

लखनऊः आईसीसी विश्वकप में श्रीलंका की पहली जीत की तलाश शनिवार को नवाब नगरी लखनऊ में खत्म हुयी जहां सदीरा समराविक्रमा (91), पथुम निसंका (54),चरिथ असलंका (44) और धनंजय डिसिल्वा (30) की उपयोगी पारियों की मदद से नीदरलैंड्स को दस गेंदे शेष रहते पांच विकेट से हरा दिया। अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम पर नीदरलैंड्स ने शुरूआती झटकों से उबरते हुये 49.4 ओवर में 262 रन बनाये जिसके जवाब में श्रीलंका ने विजय लक्ष्य 48.2 ओवरों में पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया। प्लेयर आफ द मैच समराविक्रमा ने 91 रनो की नाबाद सूझबूझ भरी पारी खेली और नीदरलैंड्स के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। उनका साथ चरिथ असलंका और बाद में धनंजय डिसिल्वा ने निभाया। इससे पहले पथुम निसंका ने एक छोर पर विकेट गिरने के बावजूद तेज गति से खेलते हुये अपना अर्धशतक पूरा किया। वह पाल वैन मीकरेन का शिकार बने।

ये भी पढ़ें :  MP में बीजेपी ने 92 उम्मीदवारों की सूची जारी की, जानें किन दिग्गजों का कटा पत्ता

नीदरलैंड्स के करिश्मायी गेंदबाज आर्यन दत्त ने 44 रन देकर तीन श्रीलंकाई बल्लेबाजों को आउट किया जबकि पाल वैन मीकरेन और कॉलिन ऐकरमैन को एक एक विकेट मिला। इससे पहले साइब्रैंड एंगलब्रेट (70) और लोगन वैन बीक (59) के बीच 130 रन की शतकीय साझीदारी की बदौलत नीदरलैंड्स ने श्रीलंका के खिलाफ 262 रन बनाये। नीदरलैंड्स एक समय 91 रन पर शुरुआती छह विकेट गंवा कर संघर्ष की स्थिति में था मगर साइब्रैंड और वैन बीक ने जबरदस्त बल्लेबाजी का मुजाहिरा किया। दोनो बल्लेबाजों ने क्रीज पर समय देते हुये बाउंड्री की बजाय सिंगल्स और डबल्स रन लेने में रुचि दिखायी और ढीली गेंदों पर प्रहार भी किये। नतीजन नीदरलैंड्स का स्कोरबोर्ड चल निकला और 45 ओवर की समाप्ति पर उस पर 221 रन अंकित हो चुके थे।

इस बीच कप्तान कुसल मेंडिस ने अपने स्ट्राइक गेंदबाज दिलशान मदुशंका को गेंद थमायी और उन्होने इसे सही फैसला करार देते हुये साइब्रैंड को क्लीन बोल्ड आउट कर पार्टनरशिप को तोड़ने में सफलता हासिल की। उन्होने अपने अगले ही ओवर में रूलाफ वैन डर मर्व को विकेट के पीछे कैच करा कर नीदरलैंड्स को 250 से कम टोटल पर रोकने की कोशिश की मगर एक छोर पर जम वैन बीक ने पुछल्ले बल्लेबाजों के सहारे टीम के स्कोर को चुनौतीपूर्ण बना दिया। मदुशंका और कसुन रजिता ने चार चार विकेट झटके वहीं महीश थीक्षणा को एक सफलता मिली। आखिरी विकेट के रूप में पाल वैन मीकरेन (4) नो बॉल पर रन आउट करार दिये गये।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें