Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

भिवानी लघु सचिवालय के सामने विधानसभा के समानांतर कर्मचारियों ने चलाई कर्मचारी असेंबली

December 15, 2023

भिवानी लघु सचिवालय के सामने विधानसभा के समानांतर कर्मचारियों ने चलाई कर्मचारी असेंबली

भिवानी: सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर पूरे प्रदेश में विधानसभा के समानांतर कर्मचारी असेंबली का सत्र उपायुक्त कार्यालय पर आयोजित किया गया। जिसकी अध्यक्षता जिला प्रधान सूरजभान जटासरा की तथा मंच का संचालन जिला सचिव सहदेव सिंह ने किया। कर्मचारी असेंबली में दो प्रस्ताव पास किये गए। पहला प्रस्ताव कच्चे कर्मचारियों की सेवाएं नियमित करने व समान काम समान वेतन के बारे में जिसमें पौने दो लाख कच्चे कर्मचारियों की समस्याओं पर व्यापक चर्चा के बाद सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया।

यह प्रस्ताव जिला के वरिष्ठ उप प्रधान धर्मबीर भाटी द्वारा रखा गया। दूसरा प्रस्ताव राज्य के कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली का रखा गया। जिसमें व्यापक रूप से चर्चा की गई कि सरकार का मुख्यमंत्री, मंत्री व विधायकों पर पुरानी पेंशन योजना लागू है तथा प्रदेश के कर्मचारी 1 जनवरी 2006 से नई पेंशन स्कीम में कार्य कर रहे हैं। मांग की गई कि जनवरी 2006 से नियुक्त कर्मचारियों के लिए नियुक्ति तिथि से पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाए, कर्मचारियों की काटी गई राशि जीपीएफ खाते खोलकर ब्याज सहित उसमें स्थानांतरित की जाए। सरकार अपना अंशदान पीएफआरडीए से वापस लेकर विशेष कोष स्थापित करे। दूसरा प्रस्ताव सत्यवीर स्वामी सहसचिव सर्व कर्मचारी संघ द्वारा पेश किया गया तथा सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। दोनों प्रस्ताव का ज्ञापन उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री मनोहर लाल, राज्यपाल, नेता विपक्ष, प्रतिपक्ष एवं विधानसभा अध्यक्ष के नाम भेजे गए। आगामी 18 दिसंबर को पूरे प्रदेश में इसी प्रकार कर्मचारी असेंबली का आयोजन किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें