Last Updated: November 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

Ashwini Vaishnaw ने Odisha से राज्यसभा सीट के लिए दाखिल किया नामांकन

February 15, 2024

Ashwini Vaishnaw ने Odisha से राज्यसभा सीट के लिए दाखिल किया नामांकन

भुवनेश्वरः केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को ओडिशा से राज्यसभा सीट के लिए नामांकन दाखिल किया। वैष्णव राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन ओडिशा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष प्रफुल्ल सामल और 13 पार्टी विधायकों के साथ राज्य विधानसभा पहुंचे और भाजपा उम्मीदवार के रुप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वह ओडिशा में राज्यसभा सीट के लिए नामांकन दाखिल करने वाले तीसरे उम्मीदवार हैं।

इससे पहले मंगलवार को बीजू जनता दल(बीजद) के पूर्व विधायक देबाशीष सामंतराय और बीजू युवा जनता दल के उपाध्यक्ष सुभाशीष खुंटिया ने राज्यसभा सीटों के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। ओडिशा में सत्तारुढ़ बीजद ने हालांकि वैष्णव की उम्मीदवारी का समर्थन किया है, लेकिन जब उन्होंने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया तो बीजद का कोई भी विधायक या नेता विधानसभा में मौजूद नहीं था।

बीजद सुप्रीमो एवं मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सोमवार को घोषणा की कि उनकी पार्टी रेलवे और दूरसंचार क्षेत्रों में राज्य के विकास के व्यापक हित में श्री वैष्णव की उम्मीदवारी का समर्थन करेगी। बीजद ने 1999 में भी प्रदेश से राज्यसभा सीट के लिए उनका समर्थन किया था। ओडिशा से राज्यसभा के लिए चुने गये मौजूदा सदस्य वैष्णव, प्रशांत नंदा औ अमर पटनायक का कार्यकाल आगामी अप्रैल में समाप्त हो जाएगा। राज्य विधानसभा में सत्तारुढ़ बीजद की ताकत को देखते हुए, यह तय है कि सभी तीन उम्मीदवार उच्च सदन के लिए चुने जाएंगे।

गौरतलब है कि 147 सदस्यीय ओडिशा विधानसभा में बीजद के 114 सदस्य हैं, जबकि भाजपा के 22 , कांग्रेस के 9 तथा मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और निर्दलीय (एक-एक) सदस्य हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें