Last Updated: November 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

राहुल गांधी ने उज्जैन में श्री महाकाल मंदिर के किए दर्शन

March 5, 2024

राहुल गांधी ने उज्जैन में श्री महाकाल मंदिर के किए दर्शन

उज्जैन: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने आज उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन कर पूजा की।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तहत मध्यप्रदेश के उज्जैन पहुंचे गांधी ने अपरान्ह महाकाल भगवान के दर्शन कर पूजा की। इस दौरान वे केसरिया दुपट्टा गले में धारण किए हुए थे। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

पटवारी ने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि गांधी ने बाबा महाकाल के दरबार में पूजा अर्चन कर देशवासियों की खुशहाली के लिए कामना की। उन्होंने इस संबंध में अनेक फोटो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किए हैं।

इसके पहले गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शाजापुर जिले से उज्जैन जिले में आयी। इस यात्रा का बीती रात्रि का पड़ाव राजगढ़ जिले में रहा। सुबह यात्रा शाजापुर जिले में पहुंची और सारंगपुर में अकोदिया नाका से पदयात्रा भी प्रारंभ हुयी। गांधी ने शाजापुर जिला मुख्यालय पहुंचकर एक सभा को संबोधित किया और इसके बाद वे उज्जैन पहुंचे।

उज्जैन में महाकाल मंदिर में दर्शन के बाद यहां गोपाल मंदिर क्षेत्र से पदयात्रा प्रारंभ हुयी, जो देवास गेट पर संपन्न होगी। इसके बाद गांधी सभा भी संबोधित करेंगे। गांधी का रात्रिविश्राम आज इंगोरिया (उज्जैन) में होगा।

गांधी की यात्रा का कल यानी बुधवार को मध्यप्रदेश में अंतिम दिन है। इसके बाद यह यात्रा राजस्थान राज्य की ओर चली जाएगी। गांधी ने दो मार्च को मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में इस यात्रा के साथ राजस्थान के धौलपुर से प्रवेश किया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें