Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

विजिलेंस ने गलाडा के फील्ड ऑफिसर जोरा सिंह को 4,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ किया गिरफ्तार

March 6, 2024

विजिलेंस ने गलाडा के फील्ड ऑफिसर जोरा सिंह को 4,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ किया गिरफ्तार

चंडीगढ़: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत बुधवार को ग्रेटर लुधियाना एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी के फील्ड ऑफिसर के पद पर तैनात जोरा सिंह को 4,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है। यह बात आज राज्य चौकसी ब्यूरो के प्रवक्ता ने व्यक्त करते हुए कहा कि उक्त आरोपी को जिला अदालत लुधियाना में वकील के रूप में वकालत करते अमित रॉय, निवासी ईशर नगर, लुधियाना की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने आगे कहा कि शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो से संपर्क किया और कहा कि उक्त कर्मचारी ने शिव विहार, गांव जसपाल बांगर, लुधियाना में निर्माणाधीन दो घरों में लैंटर डलवाने के लिए 4,000 रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उक्त कर्मचारी ने धमकी दी कि यदि दोनों मकानों के लिए रिश्वत की रकम नहीं दी गई तो वह लैंटर नहीं डालने देगा और यह भी कहा कि रिश्वत की रकम गलाडा के अन्य अधिकारियों के साथ साझा की जाएगी।

इस शिकायत की शुरुआती जांच के बाद लुधियाना रेंज की विजिलेंस ब्यूरो टीम ने उक्त आरोपी को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 4,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में पुलिस स्टेशन विजिलेंस ब्यूरो रेंज लुधियाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7, 7-ए के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को कल अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है और गलाडा के अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें