
लुधियाना। पति व ससुराल वालों के पैसे से विदेश जाने के बाद विवाहिता ने उन्हें धोखा दिया। उसने न तो अपने पति को विदेश बुलाया, बल्कि उससे व उसके परिवार से सारे रिश्ते ही तोड़ दिए। अब थाना लाडोवाल की पुलिस ने इस मामले में आरोपी दुल्हन व उसके मायके वालों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान मॉडल कालोनी, जागीरपुर रोड निवासी कुलविंदर कौर, उसके पिता रणजीत सिंह, दविंदर सिंह व पलविंदर सिंह के खिलाफ मामलादर्ज किया है। अभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस ने यह मामला गांव चाहड़ां के रहने वाले सरूप सिंह की शिकायत पर दर्ज किया है।
सरूप सिंह का कहना है कि उसने अपने बेटे सुरजीत सिंह की शादी आरोपी रणजीत सिंह की बेटी कुलविंदर कौर से की थी। तय हुआ था कि आईलैट्स करने के बाद कुलविंदर कौर अपने पति के साथ विदेश जाएगी, जिसके बाद उन्होंने कुलविंदर कौर की आईलैट्स व विदेश में पढ़ाई का सारा खर्चा किया। सारी शॉपिंग व कुलविंदर कौर की इंग्लैंड जाने की टिकट भी उन्होंने ही करवाकर दी। उसका कहना है कि कुलविंदर कौर इसके बाद इंग्लैंड चली गई। लेकिन इंग्लैंड जाने के बाद उसके बेटे को वहां बुलवाने की बजाय उसने अपने मायके वालों के साथ हम मशवरा होकर उन लोगों से कोई संपर्क नहीं किया। उन्होंने रणजीत सिंह व उसके परिवार से संपर्क किया। उन्होंने इस बारे में जून 2023 को पुलिस में शिकायत दी। लंबी जांच चली और अब जाकर आरोपियों पर मामला दर्ज हुआ।