जालंधर : जालंधर पुलिस कमिश्नरेट में एक बार फिर पुराने और बेहद अनुभवी चेहरे की वापसी के साथ प्रशासनिक हलकों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। इससे पहले आईजी बॉर्डर रेंज, अमृतसर के पद पर सेवाएं निभा रहे वरिष्ठ एवं तेज-तर्रार आईपीएस अधिकारी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने आज जालंधर के नए पुलिस कमिश्नर के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया। चार्ज संभालते ही उन्होंने अपने तेवर साफ करते हुए शहर में स्ट्रीट क्राइम (पेटी क्राइम), नशा तस्करी और गैंगस्टरवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
कमिश्नरेट पहुंचने पर पुलिस सलामी गारद द्वारा नए पुलिस कमिश्नर को औपचारिक सलामी दी गई। इसके तुरंत बाद गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने अपनी ज्वाइनिंग रिपोर्ट पर हस्ताक्षर कर विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर वहां मौजूद तमाम गजटेड अधिकारियों (जीओ) और नॉन-गजटेड अधिकारियों (एनजीओ) ने फूलों के गुलदस्ते भेंट कर गर्मजोशी से उनका स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
2018 से 2021 तक भी रह चुके हैं जालंधर के सीपी
गुरप्रीत सिंह भुल्लर के लिए जालंधर कोई नया शहर नहीं है। इससे पहले भी वे वर्ष 2018 से 2021 तक जालंधर के पुलिस कमिश्नर के पद पर अपनी सफल सेवाएं दे चुके हैं। जालंधर की कार्यप्रणाली और जमीनी हकीकत से भली-भांति परिचित होने के कारण पुलिस महकमे में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। इसके अलावा वे लुधियाना और अमृतसर के पुलिस कमिश्नर, डीआईजी एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ), डीआईजी रूपनगर रेंज तथा मोहाली, बठिंडा, मोगा व रूपनगर सहित पंजाब के कई जिलों में एसएसपी जैसी अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।