Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमाचल के कुछ हिस्सों में बर्फबारी – बारिश के कारण 168 सड़कें बंद

March 30, 2024

हिमाचल के कुछ हिस्सों में बर्फबारी – बारिश के कारण 168 सड़कें बंद

शिमला: हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले और जनजातीय इलाकों में शनिवार को बर्फबारी हुई, जबकि निचले तथा मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में रुक-रुक कर ओलावृष्टि और बारिश हुई। स्थानीय मौसम कार्यालय ने राज्य में 4 अप्रैल तक बारिश का अनुमान जताया है। एक अधिकारी ने बताया कि हिमाचल रोडवेज परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस किन्नौर जिले के मलिंग के निकट शनिवार सुबह फिसलने के कारण पलट गई। इस घटना में हालांकि किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।

भारी बर्फबारी के बाद मनाली के निकट रोहतांग में अटल सुरंग में यातायात रोक दिया गया है। विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटे में कल्पा और कुकुमसेरी में 5 सैंमी. बर्फबारी हुई जबकि केलांग में 3 सैंमी. बर्फबारी हुई। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के आंकड़ों के अनुसार राज्य में 3 राष्ट्रीय राजमार्गों समेत कुल 168 सड़कें शुक्रवार रात यातायात के लिए बंद रही। राज्य की राजधानी शिमला और कुछ अन्य स्थानों पर तेज हवाओं के साथ रुक-रुक कर बारिश हुई और सोलन में ओलावृष्टि हुई।

उधर, जम्मू-कश्मीर में गुलमर्ग और पहलगाम के ऊंचाई वाले कई इलाकों में बर्फबारी जबकि मैदानी इलाकों में बारिश हुई। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पर्यटन स्थल पहलगाम में लगभग 3 इंच तक बर्फबारी दर्ज की गई। उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के गुरेज समेत कुछ अन्य इलाकों में भी बर्फबारी हुई। लद्दाख में श्रीनगर-लेह राजमार्ग के किनारे द्रास शहर में भी बर्फबारी देखने को मिली। श्रीनगर समेत कश्मीर घाटी के मैदानी इलाकों में सुबह तक बारिश जारी रही।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें