Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

खारसा मतदान केंद्र बनेगा महिला बूथ, सभी मतदान कर्मी होंगी महिलाएं : मनीश चौधरी

April 10, 2024

खारसा मतदान केंद्र बनेगा महिला बूथ, सभी मतदान कर्मी होंगी महिलाएं : मनीश चौधरी

जोगिन्दर नगर (सृष्टि) : सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम जोगिन्दर नगर मनीश चौधरी ने कहा कि आगामी 1 जून को होने जा रहे आम लोकसभा चुनाव के दौरान 31-जोगिन्दर नगर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्र 120 खारसा को महिला बूथ बनाया जाएगा। मतदान के दौरान यहां सभी मतदान कर्मचारी केवल महिलाएं ही तैनात होंगी। मनीश चौधरी कम मतदान वाले मतदान केंद्रों में मतदाता जागरूकता के लिए जोगिन्दर नगर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में चलाए जा रहे विशेष जागरूकता अभियान के दौरान आज मतदान केंद्र खारसा में बोल रहे थे।

उन्होंने बताया कि गत लोकसभा चुनाव के दौरान मतदान केंद्र 120 खारसा में महज 8.75 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ था, जो पूरे विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में सबसे कम था। साथ ही बताया कि खारसा मतदान केंद्र में पुरूषों के मतदान प्रतिशत 10 के बजाए महिलाओं की भागीदारी महज 7.48 प्रतिशत दर्ज हुई थी। ऐसे में आगामी लोकसभा चुनाव के दौरान खारसा बूथ को महिला बूथ बनाया जाएगा तथा यहां पर सभी मतदान कर्मी केवल महिलाएं ही तैनात होंगी।

एसडीएम ने खारसा बूथ के सभी मतदाताओं से बढ़-चढक़र भाग लेने का आहवान किया ताकि लोकतंत्र की मजबूती में उनका मत भी अहम भूमिका निभा सके। उपस्थित स्थानीय लोगों ने भरोसा दिलाया कि इस बार खारसा बूथ मतदान करने में पीछे नहीं रहेगा तथा पूरे विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में सबसे अधिक मतदान कर अग्रणी बनेगा। इसके बाद 65 भटवाड़ा मतदान केंद्र में भी नायब तहसीलदार जोगिन्दर नगर प्रिंस धीमान की अध्यक्षता में मतदाता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

गत आम लोकसभा चुनाव के दौरान भटवाड़ा मतदान केंद्र में कुल 58.58 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ था। जिसमें जहां महिलाओं की भागीदारी 75.86 प्रतिशत थी तो वहीं पुरूषों का मत प्रतिशत महज 41.45 प्रतिशत रहा था। प्रिंस धीमान ने भटवाड़ा मतदान केंद्र के मतदाताओं विशेषकर पुरुषों से लोकतंत्र के महापर्व में ज्यादा से ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित बनाने का आहवान किया ताकि उनका मतदान केंद्र भी मत प्रतिशतता की दृष्टि से पूरे विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में अग्रणी बन सके।

मतदाताओं ने सेल्फी प्वाइंट पर खिंचवाई फोटो, मतदान करने का लिया प्रण

खारसा व भटवाड़ा में मतदाता जागरूकता शिविर के दौरान मतदाताओं के लिए सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किया गया। इस दौरान स्थानीय मतदाताओं ने सेल्फी प्वाइंट पर अपनी फोटो खिंचवाई तथा आने वाले 1 जून को आम लोकसभा चुनाव के दौरान अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का भी प्रण लिया।

1 अप्रैल 2024 को 18 वर्ष आयु पूर्ण करने वाले 4 मई तक बनाएं वोट

एक अप्रैल, 2024 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा आगामी 4 मई तक अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते हैं। इसके लिए वे चुनाव आयोग के ऑनलाइन पोर्टल या वोटर हेल्पलाइन ऐप को स्मार्टफोन में डाउनलोड कर सकते हैं या फिर अपने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास जाकर भी निर्धारित प्रपत्र भरकर नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते हैं।

निर्वाचन आयोग के मिशन 414 के तहत चलाया जा रहा है विशेष मतदाता जागरूकता अभियान

हिमाचल प्रदेश में आम लोकसभा चुनाव-2019 में 60 प्रतिशत से कम मतदान दर्ज करने वाले मतदान केंद्रों के लिए निर्वाचन आयोग ने मिशन 414 की शुरुआत की है। मिशन 414 के तहत कम मतदान वाले मतदान केंद्रों में मत प्रतिशतता बढ़ाने के लिए विशेष बल दिया जा रहा है। इसी मिशन के तहत 31-जोगिन्दर नगर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में भी कुल ऐसे 20 मतदान केंद्र चिन्हित किये हैं जिनमें गत आम लोकसभा चुनाव के दौरान 60 प्रतिशत से कम मतदान दर्ज हुआ था। इस दौरान नोडल अधिकारी स्वीप खजान ठाकुर, चुनाव सहायक मोहन सिंह सहित संबंधित ग्राम पंचायतों के जन प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

12 अप्रैल को बड़ा ठाणा, सनहाली, चुल्ला व तुल्लाह मतदान केंद्रों में जागरूक होंगे मतदाता

इसी विशेष मतदाता जागरूकता अभियान के तहत आगामी 12 अप्रैल को लडभड़ोल तहसील के अंतर्गत मतदान केंद्र 26 बड़ा ठाणा, मतदान केंद्र 32 सनहाली, मतदान केंद्र 33 चुल्ला तथा 34 तुल्लाह में भी मतदाता जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें