Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Recipe : गर्मी की तपिश से राहत देंगे ये होममेड कन्सन्ट्रेट शरबत,जानिए बनाने की विधि

May 31, 2024

Recipe : गर्मी की तपिश से राहत देंगे ये होममेड कन्सन्ट्रेट शरबत,जानिए बनाने की विधि

गर्मी की तपिश लगातार बढ़ती ही जा रही है। आहार विशेषज्ञों के अनुसार गर्मियों में शरीर को हाईड्रेट रखना बहुत जरूरी होता है। यदि इन दिनों पानी अथवा तरल पदार्थ भरपूर मात्रा में पिटे है तो शरीर में पानी की कमी हो सकती है। लेकिन कितनी भी कोशिश कर ली जाए पर हर बार खाली पानी पीना संभव नहीं हो पाता इसलिए यदि हम पानी में कोई शरबत या जूस मिला लें तो फ्लेवर्ड पानी पीना काफी आसान हो जाता है।

बाजार में मिलने वाले शरबत न तो हाइजीनिक होते हैं और न ही प्योर दूसरे ये बहुत महंगे भी पड़ते हैं पर थोड़ी सी मेहनत से यदि इन्हें घर पर बना लिया जाए तो ये काफी सस्ते पड़ते हैं दूसरे घर पर हम इन्हें अपने टेस्ट के अनुसार भी बना सकते हैं। आज हम आपको ऐसे ही 2 कन्सन्ट्रेट शरबत बनाना बता रहे हैं जिन्हें आप घर पर आसानी से बना सकती हैं। कन्सन्ट्रेट शरबत अर्थात वे शरबत जिन्हें पकाकर काफी गाढ़ा बना लिया जाता है और फिर सर्व करते समय इनमें सिर्फपानी ही मिलाना होता है तो आइये देखते हैं कि इन्हें कैसे बनाया जाता है-

पाइनएप्पल शरबत के लिए सामग्री

पाइनएप्पल 1
शक्कर 800 ग्राम
पानी 1/2 लीटर
काला नमक 1 टीस्पून
काली मिर्च 1/2 टीस्पून
चाट मसाला 1 टीस्पून
भुना जीरा पाऊडर 1 टीस्पून
नींबू का रस 1 टीस्पून
खाने वाला पीला रंग 1 बूंद

विधि

1. पाइनएप्पल को छीलकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। अब इसे आधी शक्कर और 1 कप पानी डालकर प्रैशर कुकर में डालकर धीमी आंच पर 2 सीटी लगा लें।

2. जब प्रैशर निकल जाए तो इसे मिक्सी में पीस कर छान लें। अब छने गूदे को एक पैन में डालकर बची शक्कर डालकर लगातार चलाते हुए 5 मिनट तक पकाएं।

3. गैस बंद करके नींबू का रस, चाट मसाला, फूड कलर और सभी मसाले डालकर अच्छी तरह चलाएं। जब मिश्रण पूरी तरह ठंडा हो जाए तो किसी क्यूब्स ट्रे में डालकर फ्रीजर में जमाएं अथवा किसी कांच की बोतल में भरकर फ्रिज में रखें।

4. सर्व करते समय कांच के ग्लास में 1 टेबलस्पून कन्सन्ट्रेट शरबत या जमे क्यूब्स डालकर ठंडा पानी डालकर ठंडा-ठंडा सर्व करें।

बेल का शरबत बनाने के लिए सामग्री

बेल का फल 1
पानी आधा लीटर
गुड़ पाऊडर 500 ग्राम
इलायची पाऊडर 1/4 टीस्पून
भुना जीरा पाऊडर 1/4 टीस्पून
चाट मसाला 1 टीस्पून

विधि

1.बेल के पके फल को किसी भारी चीज से दबाकर फोड़ लें और किसी बड़े चम्मच की मदद से इसका सारा गूदा निकाल लें। इस गूदे को एक बाऊल में डालकर पानी में डालकर ढककर आधा घंटे के लिए रख दें।

2.आधे घंटे बाद हाथ से मसलकर छलनी से छानकर गूदे और रेशे को अलग कर लें। अब इस गूदे को गुड़ डालकर 5 से 10 मिनट तक गाढ़ा होने तक पकाकर गैस बंद कर दें। ठंडा होने पर इलायची पाऊडर, काला नमक और भुना जीरा पाऊडर डालकर चलाएं और कांच के जार में भरकर फ्रिज में रखकर प्रयोग करें।

3. सर्व करते समय ग्लास में 1 टेबलस्पून तैयार कन्सन्ट्रेट शरबत, आइस क्यूब्स और ठंडा पानी डालकर सर्व करें। आप चाहें तो इसमें स्वादानुसार नींबू का रस भी मिला सकते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें