Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM मोदी और खड़गे के बीच जुबानी जंग, PM ने कहा ‘कांग्रेस करती है झूठे वादे’, खड़गे ने दिया जवाब ‘बीजेपी में J का मतलब है जुमला’

November 2, 2024

PM मोदी और खड़गे के बीच जुबानी जंग, PM ने कहा ‘कांग्रेस करती है झूठे वादे’, खड़गे ने दिया जवाब ‘बीजेपी में J का मतलब है जुमला’

Modi vs Kharge : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को चुनावी वादों पर मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर पलटवार किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “कांग्रेस को अब यह एहसास हो रहा है कि झूठे वादे करना तो आसान है, लेकिन उन्हें सही तरीके से लागू करना मुश्किल या नामुमकिन है।”

दरअसल, 31 अक्टूबर को बेंगलुरु में एक कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा था कि हमें ऐसे वादे करने चाहिए जिन्हें पूरा किया जा सके, नहीं तो आने वाली पीढ़ी के पास बदनामी के अलावा कुछ नहीं बचेगा।

PM ने लिखा, “कांग्रेस लगातार अभियान चलाकर लोगों से वादे करती रहती है, जिन्हें वे कभी पूरा नहीं कर पाएंगे। अब वे लोगों के सामने पूरी तरह से बेनकाब हो चुके हैं। आज कांग्रेस शासित हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना किसी को भी देख लीजिये , विकास की गति और वित्तीय सेहत बद से बदतर होती जा रही है। उनकी तथाकथित गारंटी अधूरी पड़ी है, जो इन राज्यों के लोगों के साथ एक बहुत बड़ा विश्वासघात है। ऐसी राजनीति का शिकार गरीब, युवा, किसान और महिलाएं हैं, जिन्हें न केवल इन वादों का लाभ नहीं मिल रहा है, बल्कि उनकी मौजूदा योजनाएं भी कमजोर हो रही हैं।”

PM के आरोपों का जवाब देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि झूठ, छल, धोखाधड़ी, लूट और दुष्प्रचार, ये वो नाम हैं जो आपकी सरकार को परिभाषित करते हैं। खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि 16 मई 2024 को आपने यह भी दावा किया था कि आपने 2047 के रोडमैप के लिए 20 लाख से अधिक लोगों से इनपुट लिए हैं। PMO में दायर RTI ने जानकारी देने से इनकार कर दिया, जिससे आपका झूठ उजागर हो गया।

खड़गे ने कहा कि बीजेपी में ‘B’ का मतलब विश्वासघात है, जबकि ‘J’ का मतलब जुमला है। 100 दिन वाली आपकी ढोल-नगाड़े वाली योजना सिर्फ़ दिखावा थी। मोदी जी, उंगली उठाने से पहले ध्यान दें, मोदी की गारंटी 140 करोड़ भारतीयों के साथ एक भद्दा मज़ाक है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें