
ओढां: पुलिस के तमाम प्रयासों के बावजूद भी नशे पर अंकुश नहीं लग रहा। रोड़ी में बीते दिवस 19 वर्षीय एक युवक नशे के कारण मौत की भेंट चढ़ गया। पिछले करीब 2 माह के अंतराल में रोड़ी क्षेत्र में नशे के कारण 5 युवकों की मौत हो चुकी है। मृतक के पिता रोड़ी निवासी भोला सिंह के अनुसार उसका 19 वर्षीय बेटा गोरख सिंह पिछले करीब 5 वर्षो से नशे की लत का शिकार था। पिछले कुछ दिनों से उसके पास नशे की पूर्ति के लिए पैसे न होने के चलते उसे बुरी तरह से नशे की तलब लगी हुई थी। इसी के चलते उसने कहीं से अधिक नशीली गोलियों की डोज ले ली।
जिसके बाद बुधवार देर शाम उसे ओवरडोज के कारण उल्टियां लगने के चलते अस्पताल ले जाया गया था। जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के पास से एक खाली सीरिंज व एक नशे की गोली बरामद हुई। परिजनों ने बिना किसी पुलिस कार्रवाई के युवक का अंतिम संस्कार कर दिया। नशे के कारण हो रही मौतों के बाद लोगों में भय का माहौल है। करीब 10-12 दिन पूर्व एडीजीपी की नशा मुक्ति टीम ने रोड़ी में नशा मुक्ति शिविर लगाया था। टीम ने नशा करने वाले युवाओं की सूची भी बनाई थी। बताया जा रहा है कि टीम नशा पीड़ित मृतक युवक गोरख सिंह के घर भी गई थी। लेकिन वह टीम के साथ नशा छोड़ने के लिए नहीं गया।
ये भी पढ़ें: अक्षय तृतीया पर बांके बिहारी जी के हुए विशेष “चरण दर्शन”, जानें इसका विशेष महत्व