Last Updated: October 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

62 साल पुरानी पासबुक ने बदली किस्मत, रातों-रात शख्स बना करोड़पति!

April 17, 2025

62 साल पुरानी पासबुक ने बदली किस्मत, रातों-रात शख्स बना करोड़पति!

नेशनल डेस्क: हर घर में एक अलमारी या कोना ऐसा जरूर होता है जहां पुराने और बेकार समझे जाने वाले कागज जमा होते रहते हैं। आमतौर पर लोग इन्हें कूड़ा समझकर फेंक देते हैं, लेकिन सोचिए अगर इन्हीं में से कोई कागज आपकी किस्मत बदल दे तो? ऐसा ही कुछ हुआ चिली के रहने वाले एक शख्स के साथ, जिसे रद्दी में पड़ा एक कागज करोड़ों का मालिक बना गया।

रद्दी कागज में मिली 62 साल पुरानी पासबुक
यह अनोखा मामला चिली का है। यहां एक्सेक्विएल हिनोजोसा नाम का एक शख्स अपने घर में सफाई कर रहा था और पुराने कागज छांट रहा था। तभी उसे एक कागज का टुकड़ा मिला जो दरअसल एक पुरानी बैंक पासबुक थी। जब उसने उसे ध्यान से देखा तो पता चला कि यह पासबुक उसके पिता की थी, जो करीब 10 साल पहले गुजर चुके थे।

पिता ने जमा किए थे पैसे, किसी को नहीं थी खबर

बैंक से जानकारी लेने पर हिनोजोसा को पता चला कि उसके पिता ने 1960 और 70 के दशक में उस बैंक में करीब 1.4 लाख रुपये (उस समय के हिसाब से) जमा किए थे, ताकि वे घर खरीद सकें। लेकिन दुर्भाग्यवश उनकी मौत हो गई और परिवार के किसी सदस्य को इस जमा राशि की जानकारी नहीं थी।

बैंक बंद, लेकिन उम्मीद कायम रही

हिनोजोसा को पासबुक मिलते ही उम्मीद तो जगी लेकिन जब उसने देखा कि वह बैंक तो कई साल पहले बंद हो चुका है, तो उसे लगा कि अब कुछ नहीं हो सकता। लेकिन फिर उसकी नजर पासबुक पर लिखे एक शब्द पर पड़ी – “स्टेट गारंटी”। इसका मतलब था कि अगर बैंक बंद हो गया हो तो सरकार उस पैसे की जिम्मेदारी लेती है।

सरकार से लंबी लड़ाई, फिर मिला न्याय

इसके बाद हिनोजोसा ने सरकार से अपने पैसों की मांग की, लेकिन सरकार ने शुरुआत में मना कर दिया। तब हिनोजोसा ने कानूनी रास्ता अपनाया और कोर्ट में केस दायर किया। लंबी लड़ाई के बाद कोर्ट ने फैसला हिनोजोसा के पक्ष में सुनाया और सरकार को आदेश दिया कि उसे पैसे ब्याज सहित लौटाए जाएं।

रातों-रात बना करोड़पति
सरकार ने कोर्ट के आदेश के बाद हिनोजोसा को 1.2 मिलियन डॉलर (लगभग 10 करोड़ 27 लाख रुपये) की रकम लौटाई। इस तरह एक पुरानी पासबुक और कुछ पुराने कागजों की वजह से हिनोजोसा रातों-रात करोड़पति बन गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें