Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

AMU के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जूनियर चिकित्सकों की हड़ताल, चिकित्सा सेवाएं प्रभावित

April 24, 2025

AMU के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जूनियर चिकित्सकों की हड़ताल, चिकित्सा सेवाएं प्रभावित

अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन द्वारा मंगलवार रात से शुरू की गई हड़ताल के कारण चिकित्सा सेवाएं व्यापक रूप से प्रभावित हुई हैं। हड़ताल का आह्वान मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अंदर दो छात्र गुटों के बीच झड़प और गोलीबारी की घटना के बाद किया गया था। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों पर काम का बोझ बढऩे की वजह से पिछले दो दिन से बड़ी संख्या में मरीजों को बिना इलाज के लौटना पड़ रहा है। जूनियर डॉक्टरों के हड़ताल पर चले जाने के बाद आपातकालीन सेवाएं बंद कर दी गई हैं। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर अमजद रिजवी ने बृहस्पतिवार को  बताया, हम गंभीर मरीजों के इलाज के लिए सीमित तरीके से ओपीडी सेवाएं दे रहे हैं। हालांकि हम आपातकालीन सेवाओं के लिए ट्रॉमा सेंटर के संचालन की स्थिति में नहीं हैं। हड़ताल कर रहे जूनियर डॉक्टरों के साथ हो रही बातचीत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, बातचीत जारी है लेकिन हम हड़ताल खत्म होने की संभावनाओं के बारे में पक्के तौर पर अभी कुछ नहीं कह सकते।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार की शाम एएमयू एथलेटिक्स ग्राउंड में वार्षिक हॉर्स शो के दौरान बैठने की जगह को लेकर उठे विवाद के बाद छात्रों के दो समूहों में झड़प हो गई। इस झड़प में मोहम्मद आदी नामक एक छात्र घायल हो गया। बाद में जब घायल छात्र का जवाहरलाल नेहरू अस्पताल के आपातकालीन केंद्र में उपचार किया जा रहा था, तभी छात्रों का दूसरा गुट वहां पहुंच गया और अस्पताल के अंदर फिर से झड़प हो गई, इस दौरान कथित तौर पर गोलियां चलाई गयीं। पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के एक प्रवक्ता ने संवाददाताओं को बताया, डॉक्टर कानून व्यवस्था की स्थिति और खराब सुरक्षा व्यवस्था के कारण असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ऐसी घटनाएं अब बहुत आम हो गई हैं और इस बार हम दीर्घकालिक समाधान चाहते हैं। उन्होंने कहा, अब हम प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मचारियों और आधुनिक सुरक्षा बुनियादी ढांचे की तत्काल व्यवस्था चाहते हैं। प्रवक्ता ने मांग की कि मंगलवार रात अस्पताल परिसर में हुई गोलीबारी की घटना में शामिल सभी लोगों को सजा मिलनी चाहिए और विश्वविद्यालय के जो अधिकारी इस चूक के लिए दोषी हैं उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।

ये भी पढ़ें: रोहित शेट्टी की पोस्ट ने बढ़ाई हलचल, फायरिंग घटना के बाद जिंदगी को लेकर कह डाली ये बड़ी बात

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें