Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

ICC की नई टेस्ट रैंकिंग जारी, टीम इंडिया को लगा बड़ा झटका… जानिए किस टीम ने मारी बाजी

May 5, 2025

ICC की नई टेस्ट रैंकिंग जारी, टीम इंडिया को लगा बड़ा झटका… जानिए किस टीम ने मारी बाजी

स्पोर्ट डेस्क : आईसीसी ने टेस्ट क्रिकेट की नई रैंकिंग जारी कर दी है। आम तौर पर यह रैंकिंग हर हफ्ते जारी की जाती है, लेकिन इस बार की रैंकिंग खास है, क्योंकि इसमें पूरे साल के प्रदर्शन को ध्यान में रखा गया है। नई रैंकिंग में भारतीय टीम को नुकसान हुआ है जबकि इंग्लैंड की टीम को बड़ा फायदा मिला है। वहीं साउथ अफ्रीका को भी एक पायदान नीचे आना पड़ा है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

ऑस्ट्रेलिया बनी नंबर 1 टेस्ट टीम

आपको बता दें कि इस बार की टेस्ट रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया ने पहला स्थान हासिल किया है। उसकी रेटिंग 126 है। ऑस्ट्रेलिया ने पूरे साल टेस्ट क्रिकेट में शानदार खेल दिखाया है और इसी का नतीजा है कि टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी पहुंच चुकी है, जो जून में खेला जाएगा।

इंग्लैंड की जोरदार छलांग, बनी नंबर 2 टीम…

इसके साथ ही इंग्लैंड की टीम को इस बार दो स्थान का फायदा हुआ है और वह दूसरे नंबर पर पहुंच गई है। इंग्लैंड का सालभर का प्रदर्शन मिला-जुला रहा, लेकिन रेटिंग में सुधार के चलते उसकी रेटिंग अब 113 हो गई है। इसका मतलब है कि टीम ने कई मैच जीतकर अच्छा सुधार किया है। वहीं पहले दूसरे नंबर पर मौजूद साउथ अफ्रीका की टीम अब तीसरे स्थान पर खिसक गई है। उसकी रेटिंग अब 111 है। यह टीम अब भी मजबूत है, लेकिन इंग्लैंड की उछाल ने इसे पीछे कर दिया।

भारतीय टीम खिसकी चौथे स्थान पर…

वहीं भारत की टीम को इस रैंकिंग में सबसे बड़ा झटका लगा है। भारत अब चौथे नंबर पर आ गया है, जबकि पहले यह तीसरे स्थान पर था। भारत की रेटिंग अब 105 हो गई है। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अब रेटिंग का अंतर भी बढ़ गया है, जिसे कम करना आसान नहीं होगा।

जून में भारत-इंग्लैंड सीरीज से बदल सकते हैं हालात

जून के अंत में भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज शुरू होगी। यह सीरीज भारत के लिए बहुत अहम होगी, क्योंकि यहीं से विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के नए चक्र की शुरुआत होगी। अगर भारत इस सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करता है, तो वह रेटिंग में सुधार कर सकता है, लेकिन इंग्लैंड को हराना आसान नहीं होगा, क्योंकि उसकी रेटिंग 113 है।

आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग ने एक बार फिर दिखा दिया है कि टेस्ट क्रिकेट में स्थायी प्रदर्शन ही टीमों को टॉप पर बनाए रखता है। भारत को अगर अपनी स्थिति मजबूत करनी है, तो उसे आने वाली सीरीज में शानदार प्रदर्शन करना होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें