
Indian Army: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने ऑपरेशन सिंदूर के कारण मौजूदा परिस्थितियों में उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति से निपटने में राज्य सरकार को पूरा समर्थन और सहयोग देने की बात करते हुए कहा कि सीमावर्ती राज्य होने के कारण राज्य में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है। पाकिस्तानी वायुसेना द्वारा गुरदासपुर, अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, बठिंडा और कपूरथला सहित पंजाब के कई शहरों को निशाना बनाने की कोशिश की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए पीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब के लोग हमेशा देश के दुश्मनों के खिलाफ चट्टान की तरह खड़े रहे हैं और वे एक बार फिर ऐसा करेंगे।
पहलगाम हत्याकांड का बदला लेने और पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए देश के रक्षा बलों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के लोग हमारे सैनिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे। राजा वड़िंग ने राज्य के लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, खासकर सोशल मीडिया पर प्रसारित अफवाहों पर। उन्होंने कहा कि एआई के युग में, कभी-कभी जो दिखता है, वह भी सच नहीं होता। उन्होंने लोगों से केवल सरकार के निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया, जो रेडियो और टैलीविजन जैसे प्रामाणिक और अधिकृत मीडिया के माध्यम से प्रसारित किए जाते हैं। उन्होंने कहा, ‘हम एकजुट हैं और एकजुट होकर हम अपने दुश्मन के किसी भी आक्रमण और हमें नुक्सान पहुंचाने की किसी भी साजिश को हरा देंगे।’