Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

घबराने की जरूरत नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें : CM भगवंत मान 

May 9, 2025

घबराने की जरूरत नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें : CM भगवंत मान 

चंडीगढ़। भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष के मद्देनजर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। साथ ही उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती जिलों में मंत्रियों को जिम्मेदारी दी जाएगी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी आवशय़क वस्तुओं की कालाबाजारी या जमाखोरी न करे। मंत्रिमंडल बैठक की अध्यक्षता करने के बाद मान ने कहा, ‘‘घबराने की कोई जरूरत नहीं है। किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें। पंजाब में तेल की कोई कमी नहीं है। पेट्रोल पंपों पर कतार में लगने की जरूरत नहीं है।’’

ऐसी खबरें हैं कि अमृतसर, पठानकोट और पंजाब के अन्य शहरों में लोग दालें, खाद्य तेल, आटा, चीनी और नमक जैसी जरूरी चीजें थोक में खरीद रहे हैं। पंजाब में हाई अलर्ट जारी है और राज्य सरकार ने दोनों देशों के बीच जारी सैन्य संघर्ष के मद्देनजर शुक्रवार को सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। इस बीच, पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने शुक्रवार को भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष के मद्देनजर ‘पंजाब रेड क्रॉस सोसाइटी’ के मुख्यालय से राज्यव्यापी विशेष रक्तदान अभियान की शुरुआत की।

यह अभियान पंजाब के सभी 23 जिलों में एक साथ चलाया जा रहा है, जिसका उद्देशय़ किसी भी आपात स्थिति में रक्त की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा, ‘‘पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है और मौजूदा संवेदनशील स्थिति को देखते हुए रेड क्रॉस की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। यह अभियान केवल रक्तदान करने के बारे में नहीं है, यह हमारी सामाजिक एकता और मानवीय मूल्यों की परीक्षा है।’’ वहीं, एक अधिकारी ने बताया कि पंजाब रोडवेज ने भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष के कारण होशियारपुर से जम्मू तक अपनी बस सेवा एक दिन के लिए निलंबित कर दी है। पंजाब रोडवेज, होशियारपुर के महाप्रबंधक जसवीर कोटला ने कहा कि मौजूदा स्थिति के मद्देनजर एहतियाती कदम उठाते हुए शुक्रवार को डिपो की कोई भी बस जम्मू नहीं भेजी गई। उन्होंने कहा कि बसें फिलहाल केवल पठानकोट तक ही चल रही हैं।

ये भी पढ़ें- BIG BREAKING : बिहार के शीतला मंदिर में मची भगदड़, 5 की मौत, कई लोग घायल

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें