नेशनल डेस्क: भारत और पाकिस्तान के बीच चले हालिया सैन्य तनाव और फिर हुए सीजफायर के बाद अब सीमा पर शांति का माहौल है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार रात राष्ट्र को संबोधित किया, जहां उन्होंने भारतीय सशस्त्र बलों की तारीफ की और पाकिस्तान को चेतावनी भी दी। अगले ही दिन यानी मंगलवार सुबह पीएम मोदी पंजाब के आदमपुर एयरबेस पहुंचे। यह वही एयरबेस है, जिसे लेकर पाकिस्तान लगातार दावा कर रहा था कि उसने वहां हमला कर उसे तबाह कर दिया है।
तस्वीर ने पाकिस्तान के दावे की पोल खोली
पीएम मोदी की यह यात्रा पूरी तरह गोपनीय रखी गई थी। वहां उन्होंने जवानों से मुलाकात की, ऑपरेशन सिंदूर में शामिल हुए वॉरियर्स से बातचीत की और उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान पीएम मोदी ने एक खास तस्वीर अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर साझा की। इस तस्वीर में उनके पीछे भारत का शक्तिशाली एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम खड़ा दिखाई दे रहा है। यही वो सिस्टम है जिसके बारे में पाकिस्तान ने दावा किया था कि उसने उसे अपने जेएफ-17 लड़ाकू विमानों से नष्ट कर दिया है। लेकिन इस तस्वीर ने साफ कर दिया कि पाकिस्तान का दावा पूरी तरह झूठा और बेबुनियाद था।

पाकिस्तान के दावों की सच्चाई क्या है?
पाकिस्तान ने कहा था कि उसने आदमपुर एयरबेस पर हमला किया है और वहां के रनवे और S-400 सिस्टम को नष्ट कर दिया है। पाकिस्तान का दावा था कि एयरबेस एक साल तक इस्तेमाल नहीं हो सकेगा। लेकिन पीएम मोदी खुद उसी एयरबेस पर पहुंचे, जवानों से मिले और S-400 को सही सलामत खड़ा दिखाया। इससे साबित होता है कि पाकिस्तान की ओर से जानबूझकर झूठा प्रचार किया गया।
ऑपरेशन सिंदूर और संघर्ष की पृष्ठभूमि
यह दौरा ऐसे समय हुआ जब हाल ही में भारत ने 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में 6-7 मई की रात ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया। इस ऑपरेशन में भारत ने पाकिस्तान और PoK के 9 आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। इसके बाद पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई की, जिससे तीन दिन तक सैन्य संघर्ष चला। आखिरकार 10 मई को भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर पर सहमति बनी और दोनों देशों ने लड़ाई रोक दी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...