Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ, सही समय पर पूरी पिक्चर दिखाएंगे’, राजनाथ सिंह की PAK को चेतावनी

May 16, 2025

‘ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ, सही समय पर पूरी पिक्चर दिखाएंगे’, राजनाथ सिंह की PAK को चेतावनी

नेशनल डेस्क: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को साफ शब्दों में कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है और जो कार्रवाई अब तक हुई है, वो सिर्फ एक “ट्रेलर” था। उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उसका व्यवहार नहीं सुधरा तो उसे और भी कड़ी सजा दी जाएगी।

राजनाथ सिंह गुजरात के भुज एयरफोर्स स्टेशन में वायुसेना के जवानों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, “हमने पाकिस्तान को प्रोबेशन पर रखा है। अगर उसका रवैया नहीं बदला, तो उसे फिर से जवाब दिया जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर अभी पूरा नहीं हुआ है, ये तो सिर्फ झलक थी। पूरी तस्वीर दुनिया को सही समय पर दिखाई जाएगी।”

ऑपरेशन सिंदूर: क्या है?
यह ऑपरेशन 7 मई को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में शुरू किया गया था। इस हमले में 26 लोगों की जान गई, जिनमें एक नेपाली नागरिक भी शामिल था। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान और पीओके (पाक अधिकृत कश्मीर) में मौजूद आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की। भारतीय वायुसेना ने 23 मिनट के भीतर कई ठिकानों को ध्वस्त कर दिया।

वायुसेना की बहादुरी को किया सलाम
रक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय वायुसेना ने जो पराक्रम दिखाया, उससे न सिर्फ देशवासियों को बल्कि पूरी दुनिया को भारत की ताकत का अहसास हुआ। राजनाथ ने कहा, “लोगों को नाश्ता करने में जितना समय लगता है, उतने में वायुसेना ने दुश्मनों के ठिकाने तबाह कर दिए। यह सिर्फ मिसाइलों की आवाज नहीं थी, यह भारतीय जवानों की वीरता की गूंज थी।” उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान को ‘ब्रह्मोस मिसाइल’ की ताकत का अहसास हो गया है। रक्षा मंत्री ने कहा, “हमारी ब्रह्मोस मिसाइल ने उन्हें रात में दिन का उजाला दिखा दिया।”

भुज का ऐतिहासिक महत्व
राजनाथ सिंह ने यह भी याद दिलाया कि भुज एयरबेस 1965 और 1971 में पाकिस्तान के खिलाफ जीत का गवाह रहा है। उन्होंने कहा, “आज एक बार फिर यह वही कहानी दोहरा रहा है।”

तीनों सेनाओं के साथ संवाद
रक्षा मंत्री ने बताया कि वे लगातार सेना, वायुसेना और अन्य सुरक्षा बलों के जवानों से मिल रहे हैं। उन्होंने कहा, “कल मैं श्रीनगर में था, आज भुज में हूं। दोनों जगह मैंने जवानों का जोश और समर्पण देखा। मुझे पूरा भरोसा है कि हमारे जवान भारत की सीमाओं की सुरक्षा में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें