Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘War 2’ का धमाकेदार टीज़र हुआ रिलीज़: Hrithik और NTR की भिड़ंत ने मचाया तहलका

May 20, 2025

‘War 2’ का धमाकेदार टीज़र हुआ रिलीज़: Hrithik और NTR की भिड़ंत ने मचाया तहलका

एंटरटेनमेंट डेस्क: बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वॉर 2’ का टीज़र आखिरकार रिलीज़ हो गया है, और जैसा कि उम्मीद की जा रही थी, इसने इंटरनेट पर आते ही धमाका कर दिया। यशराज फिल्म्स के स्पाय यूनिवर्स की इस छठी पेशकश में पहली बार दो दिग्गज ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर आमने-सामने नजर आ रहे हैं।

टीज़र की शुरुआत एक रहस्यमयी माहौल से होती है, जिसमें दोनों किरदारों की एक झलक ही फैंस को झकझोर देती है। हाई-वोल्टेज एक्शन, अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टंट सीक्वेंस और स्क्रीन पर ऋतिक-एनटीआर की टक्कर ने दर्शकों को दिल थामने पर मजबूर कर दिया है।

फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं अयान मुखर्जी, जिन्होंने ‘ब्रह्मास्त्र’ जैसी विजुअली शानदार फिल्म से पहले ही खुद को साबित किया है। इस बार वह एक ऐसे स्पाई थ्रिलर को आकार दे रहे हैं जिसमें हर फ्रेम में ग्रैंड स्केल और जबरदस्त टेंशन दिख रही है। इस फिल्म में कियारा आडवाणी भी अहम भूमिका में हैं, जो पहली बार इस स्पाय यूनिवर्स का हिस्सा बन रही हैं। तीनों स्टार्स की यह तिकड़ी एक्शन और ड्रामा का नया मुकाम तय करती दिख रही है।

‘वॉर 2’ 14 अगस्त 2025 को सिनेमाघरों में हिंदी, तमिल और तेलुगु में एक साथ रिलीज़ की जाएगी, और इसे स्वतंत्रता दिवस के लंबे वीकेंड पर रिलीज़ कर एक मेगा-ब्लॉकबस्टर बनाने की तैयारी है।

यह फिल्म ‘एक था टाइगर’, ‘टाइगर ज़िंदा है’, ‘वॉर’, ‘पठान’ और ‘टाइगर 3’ के बाद वाईआरएफ स्पाय यूनिवर्स की अगली कड़ी है। हर फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर झंडे गाड़े हैं, और ‘वॉर 2’ से भी वैसी ही उम्मीदें लगाई जा रही हैं अगर टीज़र को देखकर अंदाजा लगाया जाए, तो यह फिल्म 2025 की सबसे बड़ी सिनेमाई टक्कर बन सकती है। फैंस ने सोशल मीडिया पर टीज़र की तारीफों के पुल बांध दिए हैं और #War2Teaser ट्रेंड कर रहा है। अब देखना यह है कि क्या यह फिल्म अपने पूर्ववर्तियों की सफलता को पछाड़ पाएगी या नहीं, लेकिन एक बात तय है जंग इस बार वाकई बड़ी है!

ये भी पढ़ें- जालंधर में आज लगेगा 6 घंटे का Power Cut, इन इलाकों में बंद रहेगी बिजली

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें