Karun Nair : आईपीएल के इस सीजन के आखिरी मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ छह विकेट से जीत में अहम भूमिका निभाने वाले दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज करुण नायर ने इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम में वापसी पर खुशी जताई और कहा कि वह लंबे समय से इसका इंतजार कर रहे थे।
आठ साल बाद टेस्ट टीम में वापसी करने वाले नायर ने 27 गेंदों पर 44 रन बनाए। दिल्ली ने जीत के लिए 207 रनों का लक्ष्य 19.3 ओवर में हासिल कर लिया। 2024-25 सीजन में घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद 33 वर्षीय नायर को शनिवार को 20 जून से शुरू हो रहे इंग्लैंड के पांच मैचों के टेस्ट दौरे के लिए 18 सदस्यीय भारतीय टीम में शामिल किया गया। उन्होंने भारत के लिए आखिरी बार 2017 में खेला था।
नायर ने मैच के बाद कहा, “यह बहुत अच्छा लग रहा है और हम इसके हकदार थे। हम इस सीजन में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सके लेकिन इस मैच में हमने दिखाया कि हमारी टीम अच्छी थी लेकिन कुछ मैच खराब थे।” अपने प्रदर्शन के बारे में उन्होंने कहा, “मैं आईपीएल में काफी रन बनाकर आया था। आत्मविश्वास की कोई कमी नहीं थी। मैं पारी की शुरुआत में काफी बड़े शॉट खेल रहा था, जिस पर कोच ने मुझे समय लेने और फिर से आक्रामक होकर खेलने की सलाह दी।” नायर को 2017 में टेस्ट में तिहरा शतक लगाने के बावजूद टीम से बाहर कर दिया गया था। वह भारत के लिए तिहरा शतक लगाने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज हैं।
टेस्ट टीम में चुने जाने पर उन्होंने कहा, “मैं बहुत आभारी हूं कि मैं वापसी कर सका। मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे यह मौका मिला। मुझे भी आपकी तरह पता चला। मैं लंबे समय से इसका इंतजार कर रहा था। मुझे बहुत से बधाई संदेश मिले हैं।” उनके शानदार प्रदर्शन ने विदर्भ को 2024-25 सत्र में रणजी ट्रॉफी जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रणजी ट्रॉफी में उन्होंने नौ मैचों में चार शतकों की मदद से 863 रन बनाए। विजय हजारे ट्रॉफी (लिस्ट ए) में उन्होंने सिर्फ आठ पारियों में 779 रन बनाए। इसमें पांच शतक शामिल थे। इन शानदार प्रदर्शनों ने भारतीय टीम में उनकी वापसी का मार्ग प्रशस्त किया।
ये भी पढ़ें- बिहार बोर्ड की 10वीं क्लास का रिजल्ट हुआ जारी, पुष्पांजलि और सबरीन ने किया टॉप
मेष: दिन शुभ रहेगा...