नेशनल डेस्क: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने पार्टी और परिवार से बाहर निकलने के बाद भी अपने परिवार से कोई दूरी नहीं बनाई है। हालांकि, पार्टी से निकालने और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मतभेद के बाद तेज प्रताप ने तीन दिन तक चुप्पी साधे रखी। लेकिन जब उनके छोटे भाई तेजस्वी यादव दूसरी बार पिता बने, तो तेज प्रताप ने सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई दी और अपने भतीजे के लिए आशीर्वाद भी भेजा।

तेजस्वी यादव और राजश्री यादव को बधाई
तेज प्रताप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा कि “श्री बांके बिहारी जी की कृपा से मुझे बड़े पापा बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।” उन्होंने तेजस्वी यादव और उनकी पत्नी राजश्री यादव को बधाई दी और भतीजे को अपने स्नेहिल आशीर्वाद का संदेश दिया।

बता दें कि, इस पोस्ट से पहले तेज प्रताप के फेसबुक अकाउंट से एक और पोस्ट ने हलचल मचा दी थी। 24 मई को तेज प्रताप ने एक लड़की के साथ अपनी तस्वीर शेयर की थी और लिखा कि वे दोनों पिछले 12 सालों से एक-दूसरे को जानते हैं और एक रिलेशनशिप में हैं। इस पोस्ट में तेज प्रताप ने अपना दिल खोलकर बात कही और लिखा कि वह इस बात को लंबे समय से अपने फॉलोवर्स से साझा करना चाहते थे, लेकिन समझ नहीं पा रहे थे कि कैसे करें। हालांकि, इस पोस्ट के कुछ ही देर बाद उसे डिलीट कर दिया गया। तेज प्रताप ने इसका कारण बताया कि उनका अकाउंट हैक हो गया था। फिर भी यह पोस्ट राजनीतिक हलकों और आम युवाओं में चर्चा का विषय बन गया था।
तेज प्रताप पार्टी से निष्कासित
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया था। इसके अलावा, उन्होंने तेज प्रताप को परिवार से भी बाहर कर दिया है। इस घटनाक्रम के बाद लालू प्रसाद के छोटे बेटे तेजस्वी यादव ने इस पर अपना बयान देते हुए कहा था कि, “हम ऐसी चीजों को बर्दाश्त नहीं कर सकते। हम बिहार की जनता के लिए काम कर रहे हैं और उनके लिए समर्पित हैं।” उन्होंने आगे कहा कि, “राजनीतिक जीवन और निजी जीवन अलग-अलग हैं, और मेरे बड़े भाई को अपने निजी फैसले लेने का पूरा अधिकार है।”
तेजस्वी ने यह भी कहा, “वह (तेज प्रताप) वयस्क हैं और अपने फैसले लेने के लिए स्वतंत्र हैं। हमारे पार्टी प्रमुख लालू यादव जी ने यह साफ कर दिया है और हमने उनकी भावना को स्वीकार किया है। हम इस पर सवाल नहीं उठाते। वह (तेज प्रताप) अपने निजी जीवन में क्या कर रहे हैं, वह उन्हें खुद तय करने का अधिकार है।” तेजस्वी ने यह भी बताया कि तेज प्रताप को पार्टी से निकाले जाने की जानकारी उन्हें मीडिया के माध्यम से मिली।