Last Updated: November 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

सरेआम घरेलु गैस का हो रहा अवैध इस्तेमाल; छोटे सिलैंडरों और ऑटो रिक्शा में गैस भरना का काला धंधा बदस्तूर जारी, अधिकारी कुंभकर्णी नींद में

June 1, 2025

सरेआम घरेलु गैस का हो रहा अवैध इस्तेमाल; छोटे सिलैंडरों और ऑटो रिक्शा में गैस भरना का काला धंधा बदस्तूर जारी, अधिकारी कुंभकर्णी नींद में

लुधियाना Domestic gas: शहर में घरेलु गैस की कालाबाजारी का काला धंधा बदस्तूर जारी है और जिले के फूड सप्लाई अधिकारी आंखें मूंद कर कुंभकर्णी नींद में सोए हुए हैं। शहर में ऐसा कोई इलाका नहीं है जिसमें घरेलु गैस सिलैंडरों का दुरुपयोग नहीं हो रहा। वहीं भीड़ भाड़ वाले बाजारों में दुकानदार थोड़े से पैसों की लालच में गैस पलटी (छोटे सिलैंडरों, ऑटो रिक्शा में गैस भरना) के काले धंधे को करने से गुरेज नहीं कर रहे।

हादसों को दावत दे रहे ऐसे दुकानदार सरेआम कालाबाजारी करके खुद तो मोटी कमाई कर रहे हैं जबकि दूसरों की जान को भी आफत में डाल रहे हैं। यहां यह वर्णनीय है कि इससे पूर्व भी गैस पलटी के दौरान सिलेंडर फटने के कई हादसे रिकार्ड किए जा चुके हैं जिसमें कई लोग अपनी जिंदगियां भी गंवा चुके हैं लेकिन घरेलु गैस सिलेंडरों की अवैध इस्तेमाल और कालाबाजारी का धंधा जिला फूड सप्लाई विभाग कंट्रोलर्स को नहीं दिखाई दे रहा या यूं कहें कि कंपनी प्रतिनिधियों, गैस एजैंसियों और जिला फूड सप्लाई अधिकारियों की सरपरस्ती में ही निरंतर यह कालाबाजारी का धंधा जारी है क्योंकि ऐसे अवैध दुकानदारों के पास गैर-कानूनी इस्तेमाल के लिए इतनी बड़ी संख्या में गैस सिलैंडर सप्लाई किए जा रहे हैं, जिस पर निगरानी रखना भी तो विभाग, कंपनी प्रतिनिधियों व गैस एजैंसी की ही जिम्मेदारी है।

हादसे को दावत दे रहे दुकानदार
चंडीगढ़ रोड पर सब्जी मंडी के नजदीक मार्किट में स्थित एक बर्तन स्टोर का पर तो दिन भर में भारी संख्या में लोग छोटे सिलैंडरों में गैस पलटी करवाने के लिए आते हैं। ऐसे में इस भीड़ भाड़ वाले इलाके में किसी भी वक्त कोई हादसा हो सकता है जो अनमोल जिंदगियों को छीन सकता है। वहीं शिमलापुरी, ग्यासपुरा, सालेम टाबरी, शिंगार रोड, दुगरी, गिल रोड सहित शहर के लगभग सभी क्षेत्रों में ऑटो में घरेलु गैस सिलेंडरों से गैस पलटी करने का काला कारोबार बदस्तूर जारी है।

जिला अधिकारी भी किसी हादसे की इंतजार में हैं
शहर में सरेआम चल रहे इन अवैध गैस फिलिंग सैंटरों के बारे में विभाग को कोई खबर नहीं है। अधिकारियों की इन मामलों में नाममात्र कार्रवाई करके खानापूर्ति करने की पुरानी आदत है लेकिन शायद जिला फूड सप्लाई कंट्रोलर्स किसी हादसे की इंतजार में है तभी उनकी नींद टूटेगी और ऐसे कालाबाजारियों और लोगों की जिंदगियों को खतरे में डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।

गैस एजैंसियों व कंपनी प्रतिनिधियों की भूमिका संदेहास्पद
सरेआम रेहड़ियों, फूड आऊटलेट्स, दुकानों, ढाबों में घरेलु गैस सिलैंडरों का इस्तेमाल बदस्तूर जारी है लेकिन सवाल यह है कि आखिरकार ऐसे दुकानदारों, रेहड़ियों आदि पर इतनी संख्या में घरेलु गैस सिलैंडर बिना किसी चैकिंग के सप्लाई क्यों हो रहे हैं। इस मामले में कंपनी प्रतिनिधियों व गैस एजैंसियों की भूमिका संदेह पैदा करती है। वहीं विभागीय अधिकारी क्यों एजैंसियों तथा कंपनियों के डिलीवरी रजिस्टर की जांच नहीं कर रहे, यह भी सवाल है। ऐसे में जिला प्रशासन को ही शहर वासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर इन गैर-कानूनी गैस फिलिंग स्टेशनों तथा गैस पलटी करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई करने का संज्ञान लेना चाहिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें