
Baltej Pannu: बठिंडा में पुलिस द्वारा 80,000 लीटर एथेनॉल बरामद करने को लेकर अकाली नेता के आरोप का आम आदमी पार्टी ने खंडन किया है। आप नेता बलतेज पन्नू ने कहा कि सबको पता है कि पंजाब में एथेनॉल का इस्तेमाल ज्यादातर नकली शराब बनाने के लिए ही किया जाता है। पन्नू ने कहा, मैं अकाली दल (बादल) से पूछना चाहता हूं कि 2007 से 2017 तक आपकी (शिअद) सरकार थी, उस समय जब भी कोई नशा तस्कर पकड़ा जाता था तो 24 घंटे में ही उनके किसी न किसी नेता, विधायक या मंत्री के साथ फोटो सामने आ जाती थी कि इसके साथ उसका संबंध है।
क्या इस मामले में भी आपका कोई व्यक्तिगत स्वार्थ है कि आपके नेता उसे बचाने के लिए प्रैस कांफ्रैंस कर रहे हैं? पन्नू ने बताया कि अकाली नेता प्रैस कांफैं्रस में यह बताने की कोशिश कर रहा है कि पुलिस ने एथेनॉल गलत तरीके से पकड़ा है। जबकि पुलिस द्वारा उस समय ट्रक के अंदर की जो तस्वीर ली गई थी, उससे साफ पता चलता है कि किस तरह उसे ड्रम में डालने की पूरी तैयारी थी। इससे साबित होता है कि उस एथेनॉल का इस्तेमाल गलत चीजों में ही होना था। पुलिस को भी ऐसी ही जानकारी मिली थी इसलिए उन्होंने चौकसी के साथ दोनों ट्रक को पकड़ा। उन्होंने कहा कि नशे को लेकर अकाली दल का चेहरा एक बार फिर सबके सामने आ गया है कि ये लोग नशा बेचने वालों को किस तरह पनाह देते हैं।