Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत के खिलाफ T20 सीरीज के लिए इंग्लैंड टीम घोषित, सोफी एक्लेस्टोन की वापसी

June 13, 2025

भारत के खिलाफ T20 सीरीज के लिए इंग्लैंड टीम घोषित, सोफी एक्लेस्टोन की वापसी

खेल डेस्क: इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए 14 सदस्यीय टीम घोषित की है। टीम में स्टार स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन की वापसी हुई है। आईसीसी महिला वनडे और टी20 गेंदबाज रैंकिंग में क्रमश: नंबर 1 और नंबर 4 पर रहीं एक्लेस्टोन क्रिकेट से अस्थायी ब्रेक के बाद वापस लौटी हैं। वेस्टइंडीज पर टी20 और वनडे सीरीज में 3-0 की शानदार जीत के बाद इंग्लैंड की टीम पहले से ही आत्मविश्वास से भरी हुई है।

इस सीरीज से चालरेट एडवर्डस के मुख्य कोच और नेट साइवर-ब्रंट की कप्तानी की सफल शुरुआत हुई। पिछले महीने वेस्टइंडीज सीरीज से बाहर रहने के बाद तेज गेंदबाज लॉरेन फाइलर की भी टीम में वापसी हुई है। आईसीसी महिला खिलाड़ी रैंकिंग में तेजी से आगे बढ़ रही एमी जोन्स को भी मजबूत टीम में शामिल किया गया है।

इंग्लैंड की टीम: एम अर्लट, टैमी ब्यूमोंट, लॉरेन बेल, एलिस कैप्सी, चार्ली डीन, सोफिया डंकले, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन फाइलर, एमी जोन्स, नैट साइवर-ब्रंट (कप्तान), पैगे स्कोल्फील्ड, लिंसी स्मिथ, डैनी वायट-हॉज, इस्सी वोंग।

यह हमारे लिए एक महत्वपूर्ण सीरीज: एडवर्डस 
एडवर्डस ने भारत के खिलाफ होने वाली सीरीज के बारे में अपनी उत्सुकता जाहिर की और साथ ही स्टार स्पिनर एक्लेस्टोन की वापसी के बारे में भी बताया। एडवर्डस ने कहा, ‘‘ वेस्ट इंडीज सीरीज में खुश होने के लिए बहुत कुछ था, लेकिन साथ ही बहुत सी चीजें ऐसी भी हैं जिनमें हम सुधार करना चाहते हैं। हम हमेशा बेहतर होने की कोशिश कर रहे हैं। शानदार मैदानों पर बड़ी भीड़ के सामने भारत के खिलाफ पांच मैच हमारे लिए बहुत फायदेमंद साबित होंगे। यह हमारे लिए एक महत्वपूर्ण सीरीज है, क्योंकि घरेलू आईसीसी महिला टी20 विश्व कप की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।’’

सोफ की वापसी बहुत अच्छी बात
उन्होने कहा, ‘‘सोफ की वापसी बहुत अच्छी बात है और हम उसे ग्रुप में वापस लाने के लिए उत्सुक हैं। इसका मतलब है कि सारा ग्लेन बाहर हो गई हैं, हमारे पास स्पिनरों का एक मजबूत समूह है और दुर्भाग्य से हम उन सभी को नहीं खेल सकते। अब सारा के लिए द ब्लेज़ में वापस जाने और विटैलिटी ब्लास्ट में कुछ प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलने का यह एक शानदार अवसर है।’’

कब और किस मैदान में होंगे टी20 मैच 
-पहला टी20 में मैच 28 जून को ट्रेंट ब्रिज में
-दूसरा टी20 एक जुलाई को ब्रिस्टल में
-तीसरा टी20 चार जुलाई को द ओवल
-चौथा टी20 नौ जुलाई को ओल्ड ट्रैफर्ड
-पांचवां टी20 12 जुलाई को एजबेस्टन में होगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें