Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

Kerala By-Elections Results 2025: केरल में कांग्रेस की बड़ी जीत, आर्यदान शौकत बोले- यह विक्ट्री वामपंथी सरकार के खिलाफ

June 23, 2025

Kerala By-Elections Results 2025: केरल में कांग्रेस की बड़ी जीत, आर्यदान शौकत बोले- यह विक्ट्री वामपंथी सरकार के खिलाफ

मलप्पुरम (केरल): नीलांबुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में कांग्रेस के यूडीएफ उम्मीदवार आर्यदान शौकत ने बड़ी जीत हासिल की है। उन्होंने सोमवार को कहा कि यह जीत केरल की वामपंथी सरकार के खिलाफ है। नीलांबुर क्षेत्र कई सालों से सरकार की उपेक्षा झेल रहा था और इस जीत से वहां के लोगों की निराशा और गुस्सा साफ दिखता है।

यह जीत राज्य सरकार के खिलाफ
आर्यदान शौकत ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “यह जीत सीधे तौर पर राज्य सरकार के खिलाफ है। लोग लंबे समय से नीलांबुर की उपेक्षा से परेशान थे। यह जीत उन सबकी भावना का परिणाम है।”

अगले साल केरल में यूडीएफ फिर से सरकार बनाएगी
कांग्रेस की विधायक चांडी ओमन ने भी इस जीत को खास बताया और कहा कि यह 9 साल बाद मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले साल केरल में यूडीएफ फिर से सरकार बनाएगी और कांग्रेस का मुख्यमंत्री होगा। ओमन ने कहा, “हमारे सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मिलकर मेहनत की। यह सीट पहले आर्यदान मुहम्मद की थी और अब उनके बेटे ने इसे 9 साल बाद सीपीएम से वापस ले लिया है। यह केरल के लोगों की भावना को दिखाता है। हमें विश्वास है कि अगले चुनाव में यूडीएफ सत्ता में आएगा।”

 

प्रियंका गांधी ने भी बधाई दी
इस जीत पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि पूरी टीम ने मेहनत और एकजुटता से काम किया, जिसकी वजह से यह सफलता मिली। उन्होंने नीलांबुर के लोगों को भी धन्यवाद कहा, जिन्होंने समर्थन दिया।

 

पिनाराई सरकार के लिए बड़ा झटका 
नीलांबुर उपचुनाव पिनाराई विजयन की नेतृत्व वाली वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार के लिए बड़ा झटका साबित हुआ है। कांग्रेस के आर्यदान शौकत ने सीपीएम के एम स्वराज को लगभग 11,000 वोटों से हराया। चुनाव आयोग के अनुसार, शौकत को 77,737 वोट मिले जबकि एम स्वराज को कम वोट पड़े। यह उपचुनाव इसलिए हुआ क्योंकि इस सीट के पूर्व विधायक पीवी अनवर ने इस्तीफा दे दिया था। पीवी अनवर ने बाद में सत्तारूढ़ गठबंधन से अलग होकर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ज्वॉइन कर ली थी। इस जीत से केरल की राजनीति में बड़ा बदलाव आने की संभावना बन गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें