नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के बीच, भारत ने अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए इजराइल और ईरान से ऑपरेशन ‘सिंधु’ के तहत निकासी अभियान जारी रखा है। मंगलवार को इजराइल से भारत लौटे 161 यात्रियों में एक बुजुर्ग दंपत्ति भी शामिल थे, जिन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया।
हम प्रधानमंत्री मोदी के बहुत आभारी हैं
त्रियंबक कोले और उनकी पत्नी पिछले डेढ़ महीने से इजराइल में थे, जहां वे अपने बेटे के नवजात शिशु से मिलने गए थे। त्रियंबक ने बताया, “हम डेढ़ महीने से इजराइल में थे, और अचानक वहां हालात खराब हो गए। हम दिन के किसी भी समय विस्फोटों की आवाज सुन सकते थे। हम डर गए थे। अब हम वापस आ गए हैं, इसके लिए हम प्रधानमंत्री मोदी के बहुत आभारी हैं।” उनकी पत्नी ने भी कहा, “हमने आसमान में बम (मिसाइल) देखे, छह मिसाइल हमारे सिर के पास से गुजरे। जब हमने यह देखा, तो हम छिप गए थे। हम पीएम मोदी के धन्यवाद के पात्र हैं।” यह निकासी भारत द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन सिंधु का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य इजराइल और ईरान में फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित रूप से निकालना है।
ईरान से 292 भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी
इससे पहले, ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते संघर्ष के बीच, 292 भारतीय नागरिकों को ईरान के मशहद से एक विशेष विमान द्वारा नई दिल्ली पहुंचाया गया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि ये नागरिक 24 जून को सुबह 03:30 बजे दिल्ली पहुंचे।
संघर्ष की शुरुआत और बढ़ता तनाव
यह संघर्ष 13 जून को इजरायल द्वारा ईरान के सैन्य और परमाणु स्थलों पर किए गए बड़े हवाई हमले से शुरू हुआ, जिसका नाम “ऑपरेशन राइजिंग लॉयन” था। ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 3’ के तहत इजरायली लड़ाकू विमानों और ऊर्जा केंद्रों को निशाना बनाते हुए ड्रोन और मिसाइलों का हमला किया। रविवार को, अमेरिका ने “ऑपरेशन मिडनाइट हैमर” के तहत ईरान की तीन प्रमुख परमाणु सुविधाओं पर हवाई हमले किए, जिससे तनाव और बढ़ गया।
अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर कई मिसाइल हमले
ईरान ने इस हमले के बाद कतर और इराक में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर कई मिसाइल हमले किए, जिनमें कतर का अल उदीद एयर बेस भी शामिल था, जो इस क्षेत्र में अमेरिका का सबसे बड़ा सैन्य अड्डा है। भारत द्वारा इन संघर्षों के बीच अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए यह निकासी अभियान बेहद महत्वपूर्ण हो गया है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...