Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की इस खिलाड़ी ने रचा इतिहास, ICC टी20 रैंकिंग में लगाई लंबी छलांग

July 1, 2025

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की इस खिलाड़ी ने रचा इतिहास, ICC टी20 रैंकिंग में लगाई लंबी छलांग

Smriti Mandhana ICC Rankings : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इतिहास रचते हुए एक नया अध्याय लिख डाला है। हाल ही में खेले गए मुकाबले में शानदार शतक जड़ने के बाद अब उन्हें इसका इनाम आईसीसी की नई टी20 रैंकिंग में मिला है। स्मृति अब भारत की दूसरी ऐसी महिला क्रिकेटर बन गई हैं जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल में शतक जड़ा है, वहीं वे भारत की पहली महिला खिलाड़ी हैं जिन्होंने तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी20) में शतक लगाने का कारनामा किया है।

आईसीसी टी20 रैंकिंग में तीसरे स्थान पर पहुंची मंधाना

आईसीसी द्वारा जारी की गई लेटेस्ट टी20 रैंकिंग में स्मृति मंधाना ने बड़ा छलांग लगाते हुए तीसरे स्थान पर कब्जा जमा लिया है। उनकी रेटिंग अब 771 अंक हो गई है, जो उनके करियर की अब तक की सर्वोच्च रेटिंग है। हालांकि वे पहले स्थान तक नहीं पहुंच पाईं, लेकिन वर्तमान प्रदर्शन को देखते हुए जल्द ही और ऊपर पहुंचने की उम्मीद की जा सकती है।

बेथ मूनी शीर्ष पर बरकरार, हीली मैथ्यूज दूसरे स्थान पर

टी20 रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी फिलहाल नंबर एक बल्लेबाज बनी हुई हैं, जिनकी रेटिंग 794 है। वहीं वेस्टइंडीज की हीली मैथ्यूज 774 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। दिलचस्प बात ये है कि हीली और मंधाना के बीच महज 3 अंकों का अंतर है। ऐसे में आने वाले मुकाबलों में स्मृति मंधाना के पास दूसरे स्थान पर पहुंचने का सुनहरा मौका है।

ताहिला मैक्ग्रा को हुआ नुकसान

स्मृति मंधाना की रैंकिंग में बढ़त के चलते ऑस्ट्रेलिया की ताहिला मैक्ग्रा को एक पायदान नीचे खिसकना पड़ा है। वे अब चौथे स्थान पर पहुंच गई हैं और उनकी रेटिंग 757 रह गई है। हालांकि टॉप 10 की बाकी खिलाड़ियों की रैंकिंग में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखने को मिला है।

भारत-इंग्लैंड टी20 सीरीज में होगा और बदलाव

भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही टी20 सीरीज में कुल 5 मुकाबले खेले जाने हैं। इस सीरीज में प्रदर्शन के आधार पर न सिर्फ खिलाड़ियों की, बल्कि टीमों की रैंकिंग पर भी असर पड़ना तय है। ऐसे में स्मृति मंधाना के पास अभी भी शानदार प्रदर्शन कर दूसरे या पहले स्थान पर पहुंचने का बेहतरीन मौका है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें