Last Updated: November 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

केंद्रीय कृषि मंत्री Shivraj Chauhan कल से दो दिवसीय जम्मू-कश्मीर दौरे पर, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

July 2, 2025

केंद्रीय कृषि मंत्री Shivraj Chauhan कल से दो दिवसीय जम्मू-कश्मीर दौरे पर, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

Agriculture Minister Shivraj Chauhan: नई दिल्ली: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान दो दिवसीय जम्मू-कश्मीर दौरे पर जा रहे हैं। शिवराज सिंह 3 और 4 जुलाई 2025 की यात्रा के दौरान उच्चस्तरीय बैठकों की अध्यक्षता करेंगे और कृषि, ग्रामीण विकास व शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

-कल सुबह होंगे जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना

3 जुलाई को सुबह शिवराज सिंह श्रीनगर स्थित सिविल सचिवालय में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय एवं ग्रामीण विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद, दोपहर में प्राकृतिक खेती एवं राष्ट्रीय तिलहन मिशन पर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति की बैठक में भाग लेंगे। शाम को जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल श्री मनोज सिन्हा के साथ राजभवन में शिष्टाचार भेंट करेंगे।

-4 जुलाई को कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

यात्रा के दूसरे दिन 4 जुलाई को शिवराज सिंह, शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (SKUAST-K), श्रीनगर के छठे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। यह कार्यक्रम SKUAST-K के शालीमार कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा। कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री एवं SKUAST-K के प्रो चांसलर श्री उमर अब्दुल्ला भी उपस्थित रहेंगे।

दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियो को स्नातक, परास्नातक एवं पीएचडी की उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा, 150 स्वर्ण पदक एवं 445 मेरिट प्रमाण पत्र मेधावी छात्रों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रदान किए जाएंगे।

-दीक्षांत समारोह में भी होंगे शामिल

दीक्षांत समारोह के उपरांत शिवराज सिंह SKUAST परिसर में केसर और सेब बागानों का अवलोकन करेंगे और वहां के बागवानी वैज्ञानिकों व किसानों से संवाद करेंगे। इसके बाद, केंद्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान खोनमोह गांव में महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण समृद्धि की प्रतीक ‘लखपति दीदियों’ के साथ संवाद करेंगे।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह का यह दौरा जम्मू-कश्मीर में स्थायी कृषि, प्राकृतिक खेती और ग्रामीण विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के दौरान शिवराज सिंह ने जम्मू का दौरा कर किसानों से संवाद किया था। इस अभियान के अनुभवों को आगे बढ़ाते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान लगातार विभिन्न राज्यों और गाँवों में जाकर किसानों से सीधी बातचीत कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें