Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

SSP कार्यालय में रिश्वत देने की कोशिश करने पर DSP महिला निलम्बित

July 4, 2025

SSP कार्यालय में रिश्वत देने की कोशिश करने पर DSP महिला निलम्बित

फरीदकोट (पंजाब): भ्रष्टाचार के खिलाफ पंजाब सरकार की शून्य सहनशीलता नीति का दृढ़ प्रदर्शन करते हुए, उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) महिलाओं के खिलाफ अपराध (सीएडब्ल्यू) फरीदकोट राजनपाल को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) फरीदकोट के कार्यालय को रिश्वत देने का प्रयास करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले एसएसपी फरीदकोट को डीएसपी राजनपाल के खिलाफ शिकायत मिली थी, जिसमें पीड़ित पक्ष ने उन पर वैवाहिक विवाद को निपटाने के लिए पैसे लेने का आरोप लगाया था और डीएसपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

पंजाब पुलिस के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी डीएसपी राजनपाल ने अपने खिलाफ दर्ज शिकायत का निपटारा करने के लिए एसएसपी कार्यालय को एक लाख रुपये की रिश्वत देने की कोशिश की है।

प्रवक्ता ने बताया कि फरीदकोट पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी डीएसपी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी अधिकारी के खिलाफ पंजाब सिविल सेवा नियमों के तहत सख्त विभागीय कार्यवाही शुरू की जाएगी।

प्रवक्ता ने कहा, “पंजाब सरकार पुलिस बल में ईमानदारी और जवाबदेही के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। भ्रष्ट आचरण में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी को कड़ी कानूनी और अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।”

इस सम्बन्ध में पुलिस स्टेशन सिटी फरीदकोट में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 व 8 के अन्तर्गत एफआईआर नम्बर 289 दिनांक 04-07-2025 दर्ज किया गया है।

ये भी पढ़ें : आशीष चंचलानी का बड़ा प्लान! ‘एकाकी’ से यूनिवर्स शुरू करने का दिया संकेत

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें